गन्नौर। बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में जल्द ही ईएसआई डिस्पेंसरी का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। केंद्रीय लोक निर्माण विभाग की ओर से डिस्पेंसरी के निर्माण का टेंडर आवंटित कर दिया गया है। अब एचएसआईआईडीसी मुख्यालय से नक्शा मिलते ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। ईएसआई डिस्पेंसरी के निर्माण पर करीब 3 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में कार्य करने वाले करीब 12 हजार कामगारों को ईएसआई डिस्पेंसरी का लाभ मिलेगा। औद्योगिक क्षेत्र में फिलहाल पांच कमरों के एक भवन में अस्थाई तौर पर ईएसआई केंद्र चल रहा है, जबकि ईएसआई को बनाने के लिए वर्ष 2014 में बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में एचएसआईआईडीसी विभाग की तरफ से 1500 मीटर जमीन भी आवंटित कर दी गई थी, लेकिन लंबा समय बीत जाने के बाद भी इसका निर्माण कार्य शुरू नहीं हो रहा था। औद्योगिक क्षेत्र में करीब 7 से 8 हजार ईएसआई कार्ड धारक श्रमिकों को इस डिस्पेंसरी का लाभ मिलेगा।