गन्नौर। जमीनों की पंजीकरण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए एसडीएम ने कड़ा फैसला लिया है। आदेश के तहत सरल केंद्र में वसीका नवीसों और डीड राइटरों के करिंदों का आना-जाना प्रतिबंधित कर दिया है।
एसडीएम मनीष फौगाट ने स्पष्ट किया कि जमीन या प्लाटों के पंजीकरण के समय केवल क्रेता, विक्रेता, नंबरदार व गवाह मौजूद रहेंगे और पंजीकरण का कार्य अधिकृत अधिकारी ही करेंगे। इससे पहले पंजीकरण से जुड़े अधिकतर कार्य वसीका नवीस व डीड राइटरों के कारिंदे ही संभालते थे, जिससे गड़बड़ियों की संभावनाएं बढ़ रही थीं। एसडीएम मनीष फौगाट का कहना है कि अब संपत्ति पंजीकरण के समय बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी और आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। प्रशासन ने वसीका नवीसों और डीड राइटरों को इस निर्णय का पालन करने की सख्त हिदायत दी है। यदि इस संबंध में शिकायत मिली तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।