गोहाना। गांव खानपुर कलां में जमीन के बंटवारे के विवाद में कई लोगों ने घर में घुसकर किसान, उसकी पत्नी और बेटी की पिटाई कर दी। तीनों को नागरिक अस्पताल गोहाना से बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।। घायल की शिकायत पर सदर थाना गोहाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव खानपुर कलां निवासी राजबीर ने बताया कि वह खेतीबाड़ी करते हैं। उनका जगबीर व दलबीर के साथ खेत की जमीन का बंटवारा करने को लेकर मनमुटाव चल रहा है। वह घर पर अपनी पत्नी रेखा व बच्चों के साथ थे। उसी समय जगबीर व उसके परिजन दीवार फांद कर उनके घर पर पहुंचे। उन्होंने आते ही उन्हें, उनकी पत्नी रेखा व बेटी मानसी को डंडे से पीटना शुरू कर दिया। उसी समय दलबीर ने धारदार हथियार से उनको चोट मारी। आरोपी धमकी देकर भाग गए। वह अपनी पत्नी व बेटी के साथ उपचार के लिए नागरिक अस्पताल गोहाना पहुंचे। अस्पताल से उनको बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।