गन्नौर के रेलवे रोड पर अतिक्रमण के सामान को जब्त कर ले जाते नपाकर्मी। संवाद
गन्नौर। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए मंगलवार को ट्रैफिक पुलिस और नगरपालिका की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर रेलवे रोड सहित विभिन्न मार्गों से अवैध कब्जे हटाए। कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे लगे रेहड़ी और अन्य अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनाने में मदद मिली।
अभियान का नेतृत्व ट्रैफिक चौकी प्रभारी सोहन ने किया। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई उच्च अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई है। शहर में बढ़ते अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन रही थी जिसे देखते हुए यह कदम उठाया गया। चौकी प्रभारी ने दुकानदारों और रेहड़ी संचालकों से अपील की है कि वे सड़क पर अतिक्रमण न करें।
उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस बल की मौजूदगी में अभियान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ और लोगों को जाम से राहत मिली।