संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। गांव सिसाना स्थित डाकघर में एक कर्मचारी पर हमला करने और सरकारी डाक को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। खरखौदा पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
गांव सिटावली निवासी हर्ष कुमार ने प्राथमिकी दर्ज कराई कि वह गांव सिसाना स्थित डाकघर में असिस्टेंट ब्रांच पोस्ट मास्टर पर कार्यरत हैं। शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे उन्होंने गांव सिसाना निवासी संजीत दहिया को डाक आने की सूचना देने के लिए फोन किया। बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि वाहन उपलब्ध नहीं होने के कारण डाक शाम तक पहुंचेगी जबकि जरूरत होने पर वह डाकघर से प्राप्त की जा सकती है।
आरोप है कि इसके बाद संबंधित युवक ने फोन पर गाली-गलौज की और कुछ देर बाद डाकघर पहुंच गया। शिकायतकर्ता के अनुसार युवक ने उन्हें बाहर आने के लिए कहा, लेकिन मना करने पर डाकघर के भीतर आकर अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। आरोप है कि युवक ने पहचान पत्र मांगा और दस्तावेज दिखाने के दौरान मारपीट शुरू कर दी व कुर्सी उठाकर उनके सिर पर हमला किया। आरोप है कि घटना के दौरान सरकारी रिकाॅर्ड से संबंधित डाक को फाड़ दिया गया और जान से मारने की धमकी दी गई।