गोहाना के महम रोड स्थित बिजली घर कार्यालय परिसर में कार्यकारी अभियंता को ज्ञापन सौंपते कर्मचार
गोहाना। महम रोड स्थित बिजली घर कार्यालय परिसर में बुधवार को ऑल हरियाणा पावर कारपोरेशन वर्कर यूनियन के सदस्यों ने धरना दिया। कर्मचारियों ने धरना स्थल पर काले बल्ले लगाकर रोष जताया। उन्होंने सरकार से रिस्क अलाउंस और कैशलेस मेडिकल सुविधा देने की मांग की। मांगों को लेकर उन्होंने बिजली मंत्री के नाम कार्यकारी अभियंता राज सिंह को ज्ञापन भी सौंपा।
मुख्य वक्ता नितेश शर्मा ने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। मांगों को लेकर बीते वर्ष दस अक्तूबर को बिजली मंत्री के साथ संगठन की राज्य कमेटी की बैठक हुई थी। बैठक में कर्मचारियों की कुछ मांगों पर सहमति भी बनी थी। मंत्री ने कच्चे कर्मचारियों को कैशलेस मेडिकल सुविधा देने, वर्दी, मृत्यु होने पर 25 लाख रुपये आर्थिक मदद देने, रिस्क अलाउंस देने, सभी कर्मचारियों को टीएनपी देने को लेकर सहमति दी थी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर चार फरवरी को कर्मचारी रोहतक में ललकार रैली करेंगे। इस दौरान सुनील कुमार, सुरेश यादव, अर्जुन मलिक, राजेश शर्मा, सत्यवान लठवाल, पवन, गुलाब नरवाल, जोगिंद्र, जितेंद्र आदि मौजूद रहे।