सोनीपत। रेलवे लाइन पार क्षेत्र में अब बिजली नहीं सताएगी। बिजली निगम की ओर से सेक्टर-23 पावर हाउस में 12.5 एमवीए का अतिरिक्त ट्रांसफार्मर रखकर क्षमता बढ़ाई गई है। इस ट्रांसफार्मर से 33 केवी मिनी सचिवालय सब स्टेशन को जोड़ने के लिए नया फीडर भी बनाया गया है। जल्द ही इसके चालू होने के बाद उपभोक्ताओं को राहत मिल सकेगी।
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की ओर से वर्ष 1994 में सेक्टर-23 बसाया गया था। जमीन विवाद सुलझने के बाद बिजली निगम की ओर से सेक्टर के पास ही साढ़े तीन करोड़ रुपये की लागत से 33 केवी बिजली घर स्थापित करके वर्ष 2021 में चालू किया गया था। इसके बाद शहर के लाइन पार क्षेत्र के करीब 30 हजार से ज्यादा लोगों को बिजली संकट से काफी राहत मिली थी। इनमें विकास नगर, दहिया कॉलोनी, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, देवनगर, शास्त्री कॉलोनी, गढ़ी ब्राह्मणान, सरस्वती विहार, इंडियन काॅलोनी, महलाना रोड आदि इलाके के लोगों को काफी फायदा हुआ है।
मिनी सचिवालय सब स्टेशन पर ओवरलोडिंग बड़ी समस्या
मिनी सचिवालय सब स्टेशन पर ओवरलोडिंग की समस्या बनी हुई है। इसी सब स्टेशन से सरकारी कार्यालयों व गोहाना रोड क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों में बिजली आपूर्ति की जाती है। बिजली कट ज्यादा लगने के कारण बिजली निगम के लिए परेशानी खड़ी होती है। इस समस्या को देखते हुए बिजली निगम की ओर से 12.5 एमवीए का अतिरिक्त ट्रांसफार्मर रखने व इस टांसफार्मर की बिजली आपूर्ति पहुंचाने के लिए 33 केवी मिनी सचिवालय तक फीडर बनाने का निर्णय लिया। फिलहाल मिनी सचिवालय सब स्टेशन को 132 केवी हरसाना कलां से चलाया जा रहा है।
मिनी सचिवालय सब स्टेशन का लोड कम करने के लिए 33 केवी सेक्टर-23 सब स्टेशन पर 12.5 एमवीए का नया ट्रांसफार्मर रखवाया गया है। साथ ही बिजली आपूर्ति के लिए नया फीडर बनाया गया है। ट्रांसफार्मर चालू होने के बाद क्षेत्र को लोगों को बिजली कटों से काफी राहत मिल सकेगी। बिजली व्यवस्था में सुधार करने के लिए करीब 80 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। -विक्की गहलावत, उपमंडल अभियंता, बिजली निगम।
फोटो 16. सेक्टर-23 पावर हाउस में 12.5 एमवीए का लगाया गया नया ट्रांसफार्मर। स्रोत: बिजली निगम