फोटो 26: सोनीपत के गांव पुरखास धीरान में बारिश के दौरान मिट्टी कटाव के कारण झुके खंभे। स्रोत: प
गन्नौर। बारिश के चलते मिट्टी के कटाव से गांव पुरखास धीरान में बिजली के दो खंभे झुक गए जिससे तार क्षतिग्रस्त हो गए। इसके वजह से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इसके चलते ग्रामीणों को अंधेरे में रात बितानी पड़ी।
ग्रामीणों ने बताया कि खंभा झुकने और तार क्षतिग्रस्त होने से आधे से अधिक गांव में बिजली गुल हो गई और रातभर लोग अंधेरे में परेशान रहे। गांव के सड़क किनारे जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से खोदाई का काम किया गया था।
बारिश में खोदी गई मिट्टी बह गई और जमीन कमजोर हो गई। इसी कारण वहां लगे दो खंभे असंतुलित होकर झुक गए। पोल झुकने से कई तार क्षतिग्रस्त हो गए और सप्लाई बाधित हो गई।
रातभर बिजली ठप रहने से ग्रामीणों को परेशानी झेलनी पड़ी। इनवर्टर ठप होने के बाद बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी हुई। रविवार सुबह बिजली निगम के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मरम्मत कार्य शुरू किया। टीम ने क्षतिग्रस्त तारों और खंभों को ठीक किया। लगभग दोपहर बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो पाई।