शून्य से पांच किलोवाट तक वाले बिजली मीटरों में गड़बड़ी कर रहे बिजली उपभोक्ताओं को बिजली निगम ने एक और मौका दिया है। यदि मीटर में गड़बड़ी है तो 31 दिसंबर तक बिजली निगम के अधिकारियों को शिकायत देेकर ठीक करवा लें। अन्यथा बिजली निगम की ओर से कार्रवाई की जाएगी। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम की यह स्वैच्छिक प्रकटीकरण योजना 21 नवंबर से शुरू की जाएगी। बिजली उपभोक्ता की ओर से गड़बड़ी की सूचना नहीं देने पर जुर्माना वसूला जाएगा, साथ ही उपभोक्ता के खिलाफ एफआईआर दर्ज होगी। गड़बड़ी की सूचना बिजली निगम के संबंधित एसडीओ को लिखित में दें।
नए साल से चलेगा घर-घर मीटर चेकिंग अभियान
उपभोक्ताओं की ओर से 31 दिसंबर तक गड़बड़ी की जानकारी नहीं दी गई तो बिजली विभाग की विभिन्न टीमों का गठन किया जाएगा। इसके बाद ये टीमें नए वर्ष के शुरुआत से घर-घर जाकर बिजली मीटर चेकिंग अभियान चलाएगी। इस दौरान मीटर में गड़बड़ी पाई गई तो उपभोक्ता पर जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही एफआईआर भी कराई जाएगी।
स्वैच्छिक प्रकटीकरण योजना शुरू करने के लिए मीटिंग
बिजली निगम के एसई एसएन शर्मा ने शनिवार को अपने कार्यालय में स्वैच्छिक प्रकटीकरण योजना शुरू करने से पहले अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें संबंधित एक्सईएन व एसडीओ ने हिस्सा लिया। इस दौरान बिजली की इस योजना को पूरी तरह लागू करने व इसके प्रति उपभोक्ताओं में जागरूकता लाने का आह्वान किया गया।
स्वैच्छिक प्रकटीकरण योजना 21 नवंबर से शुरू होगी। इस योजना के तहत मीटर में गड़बड़ी करने वाले उपभोक्ताओं को तुरंत शिकायत देनी होगी। अन्यथा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-एसएन शर्मा, एसई, बिजली निगम, सर्कल सोनीपत