जींद रोड पर मंगलवार देर रात अज्ञात वाहन चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए चार बिजली के खंभे तोड़ दिए। देर रात तीन बजे हुए इस हादसे के बाद एरिया में बिजली सप्लाई ठप हो गई।
वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पाकर बिजली निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उधर, एरिया के लोगों का आरोप है कि बिजली की लाइन काफी नीची थी। निगम अधिकारियों को कई बार अवगत करवा दिया था। इसके बावजूद उन्होंने अनदेखी की।
एक्सईएन दीपक पोपली ने बताया कि टूटे हुए पोलों की जगह नए पोल लगाए जा रहे हैं। टेस्टिंग के बाद नियमित सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। हादसे की वजह से लाइट दस घंटे गुल रही, जिससे एरिया के लोगों को काफी परेशानी हुई। दुकानदारों का कामकाज भी ठप रहा। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ सिटी थाने में मामला दर्ज करवा दिया गया है।
बिना स्टॉप का बोर्ड लगाए काम करते रहे कर्मचारी
सुविधा देने के प्रयास में लगे बिजली कर्मचारियों ने लोगों को दुविधा में रखा। कर्मचारी रोड पर स्टॉप का बोर्ड लगाए बिना पोल को बदलने का काम कर रहे थे। इससे जींद व गोहाना की तरफ से आने वाले वाहन चालकों को परेशानी हुई। बड़े वाहनों को डिवाइडर की दूसरी साइड से निकालना पड़ा।