गांव मोहाना के पास सड़क किनारे सो रहे पंजाब के लोहार परिवार के बुजुर्ग की मौत हो गई। खानाबदोश जाति के लोहार सड़कों के आसपास डेरा बनाकर रहते हैं और रात में वहीं पर सो जाते हैं।
पंजाब के पटियाला जिले के पातड़ा शहर के रहने वाले पप्पू राम ने मोहाना थाना पुलिस को बताया कि वह फिलहाल मोहाना में रहते हैं। उन्होंने मोहाना में सड़क के किनारे पर डेरा बसा रखा है। रात में वह सड़कों के किनारों ही सो जाते हैं। उनके चाचा आशाराम सड़क के किनारे पर चारपाई डालकर सो रहे थे। तड़के करीब चार बजे अनियंत्रित कार ने उनकी चारपाई में टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद शोर-शराबा होने और लोगों के एकत्रित होने पर चालक अपनी कार लेकर भाग गया। आसपास के लोगों की मदद से घायल आशाराम को तत्काल खानपुर अस्पताल में पहुंचाया जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।