सोनीपत। कुंडली स्थित राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी उद्यमशीलता एवं प्रबंधन संस्थान (निफ्टम) की तरफ से खाद्य क्षेत्र में उद्यमशीलता को बढ़ावा देने के लिए स्टार्टअप पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इसकी अध्यक्षता खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय की सचिव अनीता प्रवीण ने की। उन्होंने विजेता स्टार्टअप्स को पुरस्कार में 10-10 लाख रुपये के चैक दिए। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप्स के लिए यह पुरस्कार न केवल वित्तीय सहायता का प्रतीक है, बल्कि उनकी उद्यमशीलता की भावना और उद्योग में सकारात्मक बदलाव लाने की क्षमता भी बढ़ाने वाला है।
निदेशक डॉ. हरिंदर सिंह ने बताया कि निफ्टम स्टार्टअप इनक्यूबेशन प्रोग्राम (एन-एसआईपी-4) के तहत बीज अनुदान वितरण के चयन के लिए प्रतियोगिता की गई थी। इसमें अहमदाबाद, मुंबई, नासिक, चेन्नई, जयपुर, बंगलूरू, भुवनेश्वर व फरीदाबाद से आए चयनित स्टार्टअप के प्रतिनिधियों को अपने अभिनव व्यवसाय मॉडल पेश करने के लिए आमंत्रित किया गया था। इनमें पौधे-आधारित प्रोटीन, जेई-आधारित डेयरी विकल्प, मोटा अनाज आधारित तैयार मिश्रण, पौधे-आधारित चमड़ा, कॉयर-आधारित पैनल से लेकर न्यूट्रास्युटिकल-आधारित उत्पाद और अभिनव शेल्फ-जीवन विस्तार समाधान शामिल थे। उत्कृष्ट स्टार्टअप का चयन करने के लिए दो स्तरीय स्क्रीनिंग प्रक्रिया अपनाई गई, जिसमें 141 प्राप्त प्रविष्टियों में से 8 स्टार्टअप्स ने बाजी मारी है।
सभी आठ विजेता स्टार्टअप्स को बैंक की तरफ से परिवर्तन योजना के तहत सीएसआर पहल के माध्यम से पुरस्कृत किया गया। बैंक अधिकारी हरमनप्रीत सिंह खन्ना ने चयनित स्टार्टअप्स को बधाई देते हुए भविष्य में भी निफ्टम व मंत्रालय के सहयोग से स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने का आश्वासन दिया। इस दौरान निफ्टम व बैंक के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।