हुडा विभाग की लापरवाही के चलते शहर के सेक्टर आठ व नौ के लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ हो रहा है। सेक्टर आठ व नौ में पेयजल की सप्लाई के लिए बिछाई गई पाइप लाइन कई जगह से लीक है। पाइप लाइन लीक होने के कारण सेक्टर आठ व नौ के मकानों में गंदा पानी सप्लाई हो रहा है।
पिछले लगभग दो वर्षों से यह सिलसिला जारी है और इसको लेकर यहां के लोग कई बार हुडा विभाग के अधिकारियों को इस बारे में सूचित भी कर चुके हैं लेकिन विभाग के अधिकारी इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। जगह-जगह से पाइप लाइन लीक होने के कारण सड़कों पर पानी जमा हो रहा है। इससे सड़कें भी टूटने लगी हैं।
शहर के पॉश एरिया में महंगे रेटों पर प्लाट व मकान खरीद कर रहने वाले लोगों को गांव से भी बदतर जीवन जीना पड़ रहा है। पॉश इलाके की सुविधाओं के सपने संजोकर हुडा विभाग के सेक्टर आठ व नौ में महंगे रेटों पर मकान खरीदने वाले लोगों को गंदा पानी पीने पर मजबूर होना पड़ रहा है। हुडा विभाग द्वारा यहां पर पेयजल की सप्लाई के लिए बिछाई गई पाइप लाइन कई जगह से लीक है। इसके चलते सड़कों का गंदा पानी पाइप लाइन में भर जाता है और पानी की सप्लाई के साथ ही यह गंदा पानी यहां के मकानों में सप्लाई होता है।
यहां के निवासी रामसिंह, पवन, सूबे सैनी, विकास, जीतू, सतीश ने बताया कि हुडा विभाग द्वारा दो साल पहले पेयजल सप्लाई के लिए यहां पाइप लाइन दबाई गई थी। इसके बाद से ही यह पाइप लाइन लीक है और पिछले दो वर्षों से इस सप्लाई से गंदा पानी सप्लाई हो रहा है। उन्होंने बताया कि कई बार तो ऐसा पानी सप्लाई किया जाता है कि वह पीने लायक भी नहीं होता। सप्लाई किए गए पानी से बदबू आती रहती है। उन्होंने कहा कि हुडा विभाग की लापरवाही से लोग गंदा पानी पीने को मजबूर हैं। हुडा विभाग की इस लापरवाही के चलते उनके स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने बताया कि इस बारे में वह कई बार हुडा विभाग के अधिकारियों को अवगत करा चुके हैं लेकिन हुडा विभाग के अधिकारी इस तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं।
पाइप लाइन लीक होने के कारण सड़कें बनी तालाब
सेक्टर आठ व नौ में पाइप लाइन लीक होने के कारण सप्लाई का सारा पानी सड़कों पर जमा हो रहा है। सड़कों पर पानी भरा रहने के कारण सड़कें टूट कर बिखर चुकी हैं। सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। सड़कों पर पानी भरा रहने के कारण वाहन चालकों और राहगीरों का यहां से निकलना मुश्किल हो गया है। हुडा विभाग की लापरवाही के चलते जहां लोग गंदा पानी पीने को मजबूर हैं, वहीं सड़कों पर सप्लाई का पानी खड़ा रहने के कारण सड़कें भी टूट कर बिखरने लगी हैं लेकिन हुडा विभाग के अधिकारी इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
गंदे पानी से होते हैं पीलिया, डायरिया व पेट के अन्य रोग
गंदा पानी पीने से हमारे शरीर पर काफी बुरा प्रभाव पड़ता है। गंदा पानी पीने से पीलिया, डायरिया तथा पेट के अन्य रोगों की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। बीमारियां मनुष्य के शरीर को घेर लेती हैं। यदि समय पर उपचार नहीं किया जाए तो यह बीमारी गंभीर रूप धारण कर सकती है।
डॉ. राजेश भोला, वरिष्ठ चिकित्सक
सामान्य अस्पताल, जींद
ठेकेदार को दिया गया है नोटिस
पाइप लाइन की देखरेख का कामकाज ठेकेदार को सौंपा गया है। लीकेज को ठीक करने के लिए ठेकेदार को कई बार नोटिस जारी किए जा चुके हैं। नोटिस जारी करने के बाद ठेकेदार द्वारा एक जगह से तो लीकेज को ठीक कर दिया गया है। दूसरी जगह की लीकेज को भी जल्द ही ठीक करवा दिया जाएगा।
विनोद कुमार, एसडीओ
हुडा,जींद