सोनीपत। हरित और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के तहत सोनीपत रोडवेज ने पानीपत और गन्नौर मंडी रूट पर ई-बसों का संचालन शुरू कर दिया है। गोहाना रूट के बाद अब यात्रियों को इन मार्गों पर वातानुकूलित और पर्यावरण अनुकूल सफर की सुविधा मिलेगी।
नई व्यवस्था के तहत सोनीपत से गन्नौर मंडी तक 35 रुपये, गन्नौर जीटी रोड तक 45 रुपये, पानीपत नए बस अड्डे तक 80 रुपये और पुराने बस अड्डे तक 95 रुपये किराया निर्धारित किया गया है। गन्नौर मंडी रूट पर साधारण बस सेवा की जगह अब ई-बसें चलेंगी। इस रूट पर प्रतिदिन तीन फेरे लगाए जाएंगे।
करीब 20 दिन पहले गोहाना रूट पर ई-बस सेवा शुरू की गई थी। यात्रियों का अच्छी प्रतिक्रिया मिलने पर रोडवेज ने पानीपत और गन्नौर मंडी मार्ग को भी ई-बस नेटवर्क से जोड़ दिया है। रोडवेज अधिकारियों के अनुसार पानीपत रूट पर प्रतिदिन दो और गन्नौर मंडी रूट पर तीन फेरे संचालित किए जाएंगे।
आरामदायक सफर, लेकिन किराया अधिक
ई-बसों में यात्रियों को वातानुकूलित सफर और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। हालांकि साधारण बसों की तुलना में किराया अधिक निर्धारित किया गया है। जहां सोनीपत से पानीपत तक साधारण बस का किराया 55 रुपये था। वहीं ई-बस में नए बस अड्डे तक 80 रुपये और पुराने बस अड्डे तक 95 रुपये देने होंगे। इसी प्रकार गन्नौर मंडी तक साधारण बस का 20 रुपये किराया अब ई-बस में 35 रुपये हो गया है। फिलहाल ई-बसों में किराये को लेकर किसी प्रकार की अतिरिक्त रियायत नहीं दी जा रही है। हालांकि रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की संख्या और मांग को देखते हुए भविष्य में फेरों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।
निर्धारित समय पर रवाना होंगी बसें
पानीपत के लिए ई-बसें प्रतिदिन सुबह 8 बजे और दोपहर 1:15 बजे सोनीपत बस अड्डे से रवाना होंगी। वहीं गन्नौर मंडी के लिए ई-बसें सुबह 9:15 बजे, 11:15 बजे और दोपहर 1:15 बजे संचालित की जाएंगी।
रूट के प्रत्येक निर्धारित स्टॉप पर रुकेगी ई-बस
रोडवेज के अनुसार ई-बसों को प्रत्येक निर्धारित पड़ाव पर रुकना अनिवार्य किया गया है, ताकि बीच के गांवों और कस्बों के यात्रियों को भी बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके। इससे दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है।
सोनीपत से गन्नौर मंडी तक ई-बस का किराया
रूट किराया (रुपये में)
चीनी मिल गोहाना बाईपास 10
कामी 15
भूर्री 20
राजुपर 20
राजलू गढ़ी 25
लल्हेड़ी 30
गन्नौर मंडी 35
सोनीपत से पानीपत पुराने बस अड्डे तक ई-बस का किराया
मुरथल 15
लड़सौली 30
बड़ी 40
गन्नौर 45
हल्दाना बॉर्डर 50
पट्टी कल्याणा 55
समालखा 60
दीवाना मोड़ 75
नया बस अड्डा 80
पुराना बस अड्डा 95
वर्जन
पानीपत और गन्नौर मंडी रूट पर ई-बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है। पानीपत के लिए प्रतिदिन दो और गन्नौर मंडी के लिए तीन फेरे लगाए जा रहे हैं। यदि यात्रियों की संख्या बढ़ती है तो आवश्यकता के अनुसार बसों के फेरों में भी वृद्धि की जाएगी।
सुरेंद्र दुग्गल, बस स्टैंड सुपरवाइजर, रोडवेज डिपो