राई। पुलिस आयुक्त (ईस्ट) ने जोन के सभी पुलिस अधिकारियों, थाना व चौकी प्रभारियों के साथ चुनाव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने को लेकर रणनीति बनाई। उन्होंने कहा कि चुनाव में नशीले पदार्थों की तस्करी किसी सूरत में नहीं होने दी जाएगी।
बुधवार शाम को राजीव गांधी एजुकेशन सिटी राई स्थित अपने कार्यालय में बैठक लेते हुए गौरव राजपुरोहित ने कहा कि नशे की तस्करी करने वालों के खिलाफ ठोस योजना तैयार करें। युवा पीढ़ी को इसकी गिरफ्त में आने से बचाने के लिए उचित कदम उठाए जा सकें। थाना-चौकी इंचार्ज अपने-अपने क्षेत्र में चोरी की वारदातों को रोकने के लिए सांयकालीन गश्त और रात्रि गश्त प्रभावी ढंग से करें। पुलिस उपायुक्त ने सभी थाना प्रबंधकों व चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्र में आने वाले स्कूल व कॉलेज में छुट्टी के समय गश्त व पेट्रोलिंग करें और शरारती तत्वों पर नजर रखें। थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने थाना के लंबित मामलों व केस प्रॉपर्टी का शीघ्र निपटान करवाए। उन्होंने ट्रैफिक थाना प्रभारी को निर्देश दिए कि वह ट्रैफिक पर विशेष ध्यान देकर जाम की स्थिति पैदा न होने दे। उन्होंने निर्देश दिए की वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने वाले, तेज गति वाहनों, बिना नंबर प्लेट, ब्लैक फिल्म तथा बुलेट वाहनों से पटाखे बजाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करें।