सोनीपत के जीआरपी थाना में प्रभारी महावीर सिंह के साथ चोरी का आरोपी। संवाद
सोनीपत। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने रेलवे स्टेशन के माल गोदाम के पास से चोरी के आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी ने पुलिस के समक्ष चोरी की तीन वारदातों का खुलासा किया है। जीआरपी ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
जांच कर्मी यज्ञराज ने बताया कि जीआरपी ने गश्त के दौरान चोरी के आरोपी को गिरफ्तार किया। जिसकी पहचान सोनीपत के गांव छतेहरा निवासी आशीष उर्फ आशु के रूप में हुई। गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस के सामने चोरी की तीन वारदातों का खुलासा किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने 22 जुलाई को राठधना स्टेशन पर ट्रेन में एक लड़की का मोबाइल व पैसे चोरी किए। जुलाई में ही राठधना स्टेशन पर चलती ट्रेन से दो महिलाओं के कान की बालियां तोड़ ली। इसके अलावा आरोपी ने कुंडली थाना क्षेत्र में एक बाइक चोरी की वारदात को भी कबूल किया है। आरोपी नशे की लत को पूरा करने के लिए ही चोरी की वारदात को अंजाम देता था।
जीआरपी थाना प्रभारी महावीर सिंह ने बताया कि आरोपी पहले भी छीनाझपटी के मामले में पांच साल की सजा काट रहा था। हाईकोर्ट से जमानत मिलने पर बाहर आते ट्रेनों में चोरी व छीनाझपटी की वारदात को अंजाम दे रहा था। आरोपी से मोबाइल व पैसे बरामद किए गए हैं। पूछताछ कर अन्य वारदातों का भी खुलासा किया जाएगा।