मुरथल रोड से गांव देवडू की ओर जाने वाली सड़क का पुनर्निर्माण अधर में लटकने से वाहन चालक व राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोक निर्माण विभाग की ओर से देवडू रोड पर 5.60 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्निर्माण करवाया जा रहा है। 6 नवंबर 2023 को निर्माण की शुरुआत करने के बाद अब तक कार्य पूरा नहीं किया गया है। ऐसे में सड़क पर धूल उड़ने से दुकानदारों, वाहन चालकों व राहगीरों को परेशानी हो रही है।
वर्ष 2023 में देवडू रोड के निर्माण के लिए राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) से मंजूरी मिलने के बाद विभाग ने नवंबर 2023 में कार्य की शुरुआत की थी। सड़क का निर्माण पूरा करने के लिए विभाग ने अक्तूबर 2024 तक लक्ष्य रखा था। इस बीच फरवरी में सड़क के चल रहे पुनर्निर्माण को लेकर विभाग के उच्चाधिकारी भी निरीक्षण कर चुके हैं। अब तक विभाग ने देवडू रोड पर 75 फीसदी कार्य पूरा किया है, लेकिन ग्रैप-4 के लागू होने के चलते 25 फीसदी कार्य अधर में लटक गया है। ऐसे में विभाग ने देवडू रोड के निर्माण पर रोक लगा दी है। इससे स्थानीय लोगों के साथ वाहन चालक व राहगीर परेशान हैं।
दर्जनभर कॉलोनियों के लोगों व वाहन चालकों का आवागमन प्रभावित
सड़क का पुनर्निर्माण गांव देवडू, कुराड़ होते हुए जीटी रोड तक करीब 7.3 किलोमीटर पर किया जाना है। ग्रामीण क्षेत्र में ज्यादातर निर्माण पूर्ण कर लिया गया है, जबकि शहरी क्षेत्र में चल रहे इंटरलॉक टाइल व ब्लॉक लगाने का कार्य रुका हुआ है। इससे पहले रोड पर निकासी व्यवस्था के लिए दोनों ओर नाले भी बनाए गए हैं। देवडू रोड का पुनर्निर्माण होने से शिव कॉलोनी, मामचंद कॉलोनी, ऋषिकुल कॉलोनी, जीवन विहार सहित दर्जनभर कॉलोनियों के लोगों सहित वाहन चालकों को आवागमन सुगम होना है। अब सड़क पर गड्ढे होने से वाहन हिचकोले खा रहे हैं। गड्ढों व धूल से परेशान लोग सड़क का निर्माण जल्द पूरा करने की मांग कर रहे हैं।
बोले लोग
दिवाली के बाद से ही देवडू रोड का निर्माण अधर में लटका हुआ है। खस्ताहाल सड़क के कारण धूल उड़ने से दुकानदारों के साथ वाहन चालकों व राहगीरों को परेशानी हो रही है। खस्ताहाल सड़क पर दोपहिया वाहन चालकों के गिरने का भय बना रहता है।
- डाॅ. चंदगीराम, दुकानदार।
पहले देवडू रोड पर तेजी से कार्य चल रहा था। उन्हें जल्द काम पूरा होने की उम्मीद थी, लेकिन अब काफी दिनों से काम रुकने कारण लोग धूल-मिट्टी उड़ने से परेशान हैं।
- हरिराम, दुकानदार
खस्ताहाल सड़क के कारण दुकानदारों के काम-धंधे ठप हो रहे हैं। धूल उड़ने से सभी लोग परेशान हैं। बारिश के दिनों में सड़क पर पानी भर जाता है, लेकिन फिर भी लोगों की सुनवाई नहीं हो रही है।
- आकाश, दुकानदार
लोक निर्माण विभाग की ओर से देवडू रोड पर 75 फीसदी कार्य पूरा कर लिया गया है। फिलहाल ग्रैप-4 के नियम लागू होने के कारण काम रुकवाया गया है। इसके बाद शेष 25 फीसदी सड़क निर्माण को भी जल्द पूरा करवाया जाएगा।
- पंकज गौड़, कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग