फोटो 20: सोनीपत के ओल्ड हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में बूस्टिंग स्टेशन पर निरीक्षण करने पहुंचे मेयर र
- फोटो : संगठन
सोनीपत। पेयजल किल्लत की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए मेयर राजीव जैन वीरवार को ओल्ड हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित बूस्टिंग स्टेशन पहुंचे और वहां पर ड्यूटी दे रहे कर्मचारियों को फटकार लगाई। भविष्य में शिकायत मिलने पर कार्रवाई करने की बात कही।
तारा नगर, भगतपुरा, चार मरला, आठ मरला समेत कई कॉलोनियों में दो दिन से आ रही पानी की आपूर्ति प्रभावित हो रही थी। सूचना के बाद मेयर बूस्टिंग स्टेशन पर पहुंचे। वहां कनिष्ठ अभियंता अमित कौशिक ने बताया कि इलेक्ट्रिक पैनल में फाल्ट आ गया है, जिस कारण 220 हॉर्स पावर की मोटर नहीं चल रही है और जल्द फाल्ट ठीक करके पानी कि आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। मेयर ने 125 हॉर्स पॉवर की दो मोटरों को चालू करने के लिए कहा तो अधिकारी ने बताया कि इनका भी कनेक्शन इसी इलेक्ट्रिक पैनल से है। मेयर ने निर्देश दिए कि कनेक्शन अलग-अलग पैनल से किए जाएं, जिससे आपात स्थिति में छोटी मोटरों से पानी आपूर्ति जारी रह सके।
मेयर राजीव जैन ने दो दिन पहले जाजल में बिजली की लाइन खराब होने के कारण सात घंटे पानी आपूर्ति बंद रहने पर स्पष्टीकरण मांगा तो कनिष्ठ अभियंता ने बताया कि आंधी से फाल्ट आ गया था। मेयर ने कहा कि जाजल रैनीवेल पर तो जनरेटर की सुविधा भी उपलब्ध है तो क्यों नहीं चलाया। उन्होंने कॉल करके ठेकेदार रामजीलाल से भी बात की और कहा कि भविष्य में बिजली का फाल्ट आने पर जनरेटर चलना चाहिए। उसके बाद मेयर राजीव जैन ने मुखी अस्पताल के पास बूस्टिंग स्टेशन की व्यवस्था जांची जिसमे एक मोटर एक माह से ख़राब मिली। उन्होंने मोटर को तुरंत ठीक करवाकर पेयजल आपूर्ति सुचारू कराने के निर्देश दिए।
फोटो 20: सोनीपत के ओल्ड हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में बूस्टिंग स्टेशन पर निरीक्षण करने पहुंचे मेयर र- फोटो : संगठन