सोनीपत। बारिश ने खेतों में ही नहीं, शहर में ओवरफ्लो हुई ड्रेन नंबर छह के किनारे चार घर ढह गए। साथ ही कई घरों में दरारें आ गईं। सबसे ज्यादा नुकसान गोकुलधाम सोसाइटी में हुआ है। यहां ड्रेन के ओवरफ्लो होने से घरों के नीचे की मिट्टी खिसक गई, जिससे चार घरों के कई कमरे ढह गए। प्रभावित लोगों ने सरकार से मुआवजे की मांग की है। साथ ही ड्रेन को पक्का करने में जुटी एजेंसी पर भी कार्रवाई की मांग की है।
सोमवार को जिले में झमाझम हुई बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया तो शहर के अंदर जरूरतमंद लोगों के लिए आफत बन गई। निर्माणाधीन ड्रेन नंबर 6 के ओवरफ्लो होने के कारण गोकुलधाम सोसाइटी, विशाल नगर समेत कई जगह घर ढह गए। जबकि कई घरों में दरारें आ गईं। लोगों ने मुआवजे के साथ ड्रेन के सुंदरीकरण में लेटलतीफी करने वाली एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मकान ढहने के कारण पहुंचे नेता
ड्रेन 6 के ओवरफ्लो होने से कई घरों में हुए नुकसान के बाद पहले भाजपा नेता राजीव जैन पहुंचे तो बाद में कांग्रेस के युवा जिला अध्यक्ष ललित पंवार पहुंचे। दोनों नेताओं ने पीड़ितों को मदद का आश्वासन दिया और सरकार से मांग की कि पीड़ितों को मुआवजा दिया जाए। पीड़ितों ने राजीव जैन को बताया कि ड्रेन का निर्माण कर रही एजेंसी ने बुलडोजर से पानी का फ्लो अचानक खोल दिया, जिससे पानी का तेज बहाव ड्रेन किनारे बने घरों की तरफ हो गया और 4 घरों का हिस्सा ढह गया। इधर, जिलाध्यक्ष ललित पंवार ने कहा कि जिस तरह गोकुलधाम सोसाइटी के पास मकानों में दरार आई है व मकानों का कुछ हिस्सा गिर गया है, उससे यहां के लोगों को काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन, एजेंसी व सरकार से मांग की है कि घरों में हुए नुकसान की भरपाई की जाए।