सोनीपत। रक्तदान के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाने वाली जिले की छह स्टार महिला रक्तदाताओं व पांच सामाजिक संस्थाओं को विश्व रक्तदान दिवस पर शुक्रवार को सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान समारोह अंबाला कैंप स्थित एसडी कॉलेज में आयोजित किया जाएगा। विश्व रक्तदान दिवस पर सम्मानित की जाने वाली जिले की स्टार महिला रक्तदाताओं व सामाजिक संस्थाओं की सूची जारी कर दी गई है।
इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी ने प्रदेश के सभी जिला रेड क्रॉस शाखाओं से रक्तदान के क्षेत्र में अहम भूमिका निभाने वाली उनके जिले की स्टार महिला रक्तदाताओं व अग्रणी भूमिका निभाने वाली पांच सामाजिक संस्थाओं के नाम मांगे थे। सामाजिक संस्थाओं का चयन पांच सालों में लगाए गए रक्तदान शिविर के आधार पर किया गया है। सभी जिलों से 29 मई तक प्राप्त नामों के आधार पर उनका चयन कर फाइनल सूची तैयार की गई थी। इसमें प्रत्येक जिले से स्टार महिला रक्तदाताओं व रक्तदान के क्षेत्र में अहम भूमिका निभाने वाली सामाजिक संस्थाओं का चयन किया गया था। चयनित स्टार महिला रक्तदाताओं व सामाजिक संस्थाओं को इस बारे में अवगत करा दिया गया है।
रक्तदाताओं को मिलेगा प्रोत्साहन
सेक्टर-12 निवासी रक्तदाता गीता ने बताया कि रक्तदान करने से हम कई बीमारियों से खुद को सुरक्षित करते हैं, साथ ही हमारी तरफ से दान किए गए रक्त से किसी के अमूल्य जीवन को भी बचाया जा सकता है। रक्तदान के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाने वाली संस्थाओं व रक्तदाताओं को सम्मानित करना एक सराहनीय पहल है। इससे अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
जिले की इन स्टार महिला रक्तदाताओं को मिलेगा सम्मान
रक्तदाता निवास कितनी बार रक्तदान किया
उषा गगनेजा रेलवे कॉलोनी, गोहाना 16
पारुल दहिया गांव सिसाना, खरखौदा 16
सरिता बाल्यान गांव महलाना, सोनीपत 15
मधु बाला आदर्श नगर, गोहाना 14
गीता सेक्टर-12, सोनीपत 12
प्रेम गिरधर रेलवे कॉलोनी, गोहाना 10
यह सामाजिक संस्थाएं की जाएंगी सम्मानित
संस्था पांच साल में शिविर लगाए
आहुति, गोहाना 328
मां भारती रक्तवाहिनी, राजपुर, सोनीपत 120
जनहित अभियान फाउंडेशन, सोनीपत 103
सर्व धर्म सेवा संघ, पुरखास, सोनीपत 21
रेड क्रॉस सोसाइटी, सोनीपत 20