संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन के आह्वान पर जिला नागरिक अस्पताल में चिकित्सक 9 दिसंबर को पेन डाउन हड़ताल करेंगे। इसके चलते सुबह 9 से 11 बजे तक ओपीडी पूरी तरह से बंद रहेगी। इस दरौान इलाज कराने के लिए आने वाले मरीजों को उपचार नहीं मिल सकेगा।
एसोसिएशन के जिला प्रवक्ता डाॅ. प्यारेलाल मलिक ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग में विशेषज्ञों के लिए अलग से कैडर बनाने की मांग की जा रही है। इसको सीएम की घोषणा में शामिल किया गया था। दो साल बीत जाने के बाद भी कुछ नहीं हुआ। एसोसिएशन की ओर से सेहत मंत्री अनिल विज को भी लिखित में दिया गया था, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। इसकी वजह से चिकित्सकों की मांगें लंबित हैं। उन्होंने बताया कि सर्विस में चिकित्सकों को जिस वक्त पीजी करने जाना होता है, तो एक-एक करोड़ रुपये के दो बांड भरने पड़ते हैं। एसोसिएशन चाहती है कि पुरानी पॉलिसी को लागू कर दिया जाए। पहले यह राशि 50 लाख रुपये थी, लेकिन सरकार की ओर से कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। इसकी वजह से चिकित्सकों को 9 दिसंबर को दो घंटे की पेन डाउन हड़ताल करनी पड़ रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर हड़ताल के बाद भी मांगे नहीं मानी गई तो राज्य कार्यकारिणी के आदेश पर आगे की रणनीति बनाई जाएगी।