सोनीपत के गांव खानपुर कलां स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में भर्ती मरीज। संवाद
गोहाना। गांव खानपुर कलां स्थित भगत फूल सिंह राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल के चिकित्सक अब मरीजों को बिना किसी ठोस कारण के रेफर नहीं कर सकेंगे। चिकित्सक को मरीज को रेफर करने से पहले उच्चाधिकारियों को इसका ठोस कारण बताना होगा। इसके बाद ही मरीजों को रेफर कर सकेंगे।
मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों के अनुसार हर मरीज का मेडिकल कॉलेज में इलाज किया जाएगा। बेड नहीं होने का बहाना बनाकर भी मरीजों को चिकित्सक रेफर नहीं कर सकेंगे। इससे रेफर के आंकड़े में कमी आएगी। भगत फूल सिंह महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में आस-पास के मरीज इलाज कराने के लिए पहुंचते हैं। वहीं सोनीपत के नागरिक अस्पताल व अन्य स्वास्थ्य केंद्रों से भी मरीजों को महिला मेडिकल कॉलेज में रेफर किया जाता है। निदेशक ने निर्देश जारी किया है कि मरीजों को मेडिकल कॉलेज से रेफर नहीं किया जाए। सभी मरीजों का इलाज मेडिकल कॉलेज में ही किया जाए। मेडिकल कॉलेज में आईसीयू, ओटी, हर विभाग के वार्ड व अन्य सुविधाएं हैं। जहां पर मरीजों की जांच व इलाज किया जा सके। मेडिकल कॉलेज में मरीजों को मुफ्त में इलाज किया जा रहा है।
250 चिकित्सक व 1100 कर्मचारियों का है स्टाफ
मरीजों की सुविधा के लिए भगत फूल सिंह महिला मेडिकल कॉलेज में 250 चिकित्सक व 1100 कर्मचारी तैनात हैं। मेडिकल कॉलेज में मरीजों के इलाज व एमबीबीएस की छात्राओं की शिक्षा में मदद करते हैं। साथ ही मेडिकल कॉलेज में सभी साधन उपलब्ध है। अब मेडिकल कॉलेज में तीसरे चरण का काम भी शुरू किया जाएगा, जिससे मरीजों की सुविधा बढ़ेगी।
वर्जन
बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल से चिकित्सक किसी ठोस कारण होने के बाद ही मरीज को रेफर कर सकेंगे। मरीज को रेफर करने से पहले चिकित्सकों को अब उच्चाधिकारियों को सूचना देनी होगी। चिकित्सक मरीज का मेडिकल कॉलेज में इलाज करने का पूरा प्रयास करेंगे।-डॉ. धीरज, चिकित्सा अधीक्षक, बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज, खानपुर कलां।