सोनीपत। अयोध्या में श्रीराम मंदिर के गर्भगृह में रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के उल्लास में सोमवार को दिवाली मनाई जाएगी। पूरा शहर लाखों दीयों से जगमगाएगा। रामलला के स्वागत को पूरा सोनीपत तैयार है। कई दिनों से चल रही तैयारियों को रविवार को अंतिम रूप दिया गया। शहर से लेकर गांवों तक राम नाम की धुन सुनाई दे रही है। हर कोई इस दिन को भव्य तरीके से मनाने को लालायित है।
अयोध्या में रामलला की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा का महाआयोजन दोपहर 12 बजे से प्रारंभ होगा। इसी के साथ जिले भर के मंदिरों में भी शंखनाद के साथ हवन-पूजन व आरती का दौर शुरू हो जाएगा। जिसको लेकर सप्ताह भर से तैयारियां चल रही थी। इस दौरान कहीं श्री सुंदरकांड का पाठ किया जाएगा तो कहीं आरती व कीर्तन होंगे। वहीं कई स्थानों पर मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इसके उपरांत भंडारों का दौर चलेगा।
सजे मंदिर, राममय हुए चौक-चौराहे
मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा को लेकर मंदिरों में एक सप्ताह से चल रहे सफाई अभियान के बाद आकर्षक तरीके से सजाया गया है। रात में सभी मंदिरों की शोभा देखते ही बन रही थी। शहर के सभी चौक-चौराहे भी राममय नजर आने लगे हैं। हर जगर भगवा रंग में भगवान श्रीराम के झंडे नजर आ रहे हैं। कामी रोड स्थित रामलीला मैदान में पांच संस्थाएं मिलकर श्री सुंदरकांड पाठ पंच कुंडीय यज्ञ करेंगी। वहीं भगवान राम के स्वागत में विभिन्न स्थानों पर भव्य आतिशबाजी की जाएगी।
मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा का होगा लाइव प्रसारण
अयोध्या में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के महाआयोजन का शहर में विभिन्न स्थानों पर लाइव प्रसारण दिखाया जाएगा। इसके लिए शहर की नई अनाजमंडी में बड़ी एलईडी लगाई गई है। इसके अलावा भी कई मंदिरों में लाइव प्रसारण दिखाने की व्यवस्था की गई है।
यहां होंगे आयोजन
-सोनीपत के कामी रोड स्थित रामलीला मैदान में पांच संस्थाएं मिलकर करेंगी श्री सुंदरकांड पंच कुंडीय यज्ञ
-सोनीपत के सुनारों वाली गली स्थित चिटाने वाली माता मंदिर में महिला मंडली करेगी श्री सुंदरकांड का पाठ
-सोनीपत के नरेंद्र नगर स्थित शिव मंदिर में श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा
-सोनीपत के धोबीबाड़ा चौक पर विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा
-सोनीपत जिला बार एसोसिएशन की तरफ से सुबह हवन व भंडारे का आयोजन किया जाएगा
-सोनीपत के गांव किलोहड़द स्टेडियम से एक पौधा श्रीराम के नाम अभियान का शुभारंभ किया जाएगा
-जठेड़ी स्थित मंदिर में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी
-राई के शिव मंदिर में हवन और भंडारे का किया जाएगा आयोजन
-राई खंड के गांव दीपालपुर स्थित मंदिर में हनुमान और शनि मंदिर की नींव रखी जाएगी
-खरखौदा शहर में श्री प्राचीन भारत रामलीला कमेटी की तरफ से शोभा यात्रा निकाली जाएगी
-खरखौदा के छपड़ेश्वर धाम में हवन, पूजा पाठ और भंडारे का आयोजन किया जाएगा
-खरखौदा के जय नारायण धर्मशाला मंदिर में पूजा की जाएगी
-खरखौदा की सब्जी मंडी से मीना नरवाल की अगुवाई में शोभा यात्रा निकाली जाएगी
-खरखौदा में बच्चेश्वर मंदिर में रामकथा का आयोजन किया जाएगा
-गोहाना के शहर में शोभा यात्रा निकाली जाएगी
-गोहाना के सनातन धर्म मंदिर में हवन, पूजा पाठ और भंडारे का आयोजन किया जाएगा
-गोहाना में विभिन्न मंदिरों में कीर्तन किए जाएंगे
-गोहाना शहर में कई जगह रक्तदान शिविर लगेंगे
-गोहाना के ढींगरा स्टेडियम में लड्डू बांटे जाएंगे
-गन्नौर में नगरपालिका रोड पर श्रीराम मार्केट में हवन, पूजा पाठ व भंडारे का आयोजन किया जाएगा