फोटो 03: सोनीपत के गांव मलिकपुर में दिवाली की रात जगमग किए गए दीये और लगाई गई रंग बिरंगी लाइटें
सोनीपत। जिले में सोमवार की रात धूमधाम के साथ दीपावली मनाई गई। लोगों ने अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर दीपों और बिजली के रंगबिरंगी झालरों से सजाया था। शाम को शुभ मुहूर्त में श्रीलक्ष्मी-गणेश का पूजन करने के बाद मिट्टी की दीयों को प्रज्ज्वलित कर घर के कोने-कोने और छतों पर रखा। इसके बाद आतिशबाजी की जिससे जमीन से आसमान तक रोशन हो उठा।
दीपावली पर लोगों में गजब का उत्साह देखा गया। सुबह से देर शाम तक लोगों ने मिठाई, फूल, सजावट की सामग्री की खरीद की। बाजार पर चारों तरफ चहलपहल रहा। शाम को शुभ मुहूर्त में लोगों ने भगवान कुबेर, गणेश व मां लक्ष्मी का पूजन कर खुशहाली व धन-धान्य की कामना की। पूजा के बाद गली-मोहल्ले व रिश्तेदारों के यहां मिठाई पहुंचाकर दिवाली की शुभकामनाएं दीं।
घरों पर जगमगाते दीयों और विद्युत झालरों से चारों तरफ रोशन रहा। महिलाओं ने घरों में रंगोली सजाई। हर आयु वर्ग के लोगों ने उत्साह के साथ आतिशबाजी की।
घर में पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान के आगे भी दीये जलाकर मन्नतें मांगी। नौकरी व पढ़ाई के लिए घरों से दूर रहने वाले लोग भी दिवाली पर घर लौटे और परिवार के साथ श्रद्धा और भक्तिभाव से त्योहार मनाया और खुशी के पलों को साझा किया।
लोगों ने पूजा-अर्चना व दीयों व लाइटों से जगमग घरों की फोटो भी एक-दूसरे के साथ शेयर किए। वहीं, सोशल साइट भी त्योहार पर मस्ती करते युवाओं की फोटो से अटी नजर आई। दिवाली पर्व पर लोग सुबह से ही खरीदारी व पूजा की तैयारी में व्यस्त रहे। छोटे-बड़े व्यापारियों ने भी अपने प्रतिष्ठानों पर विधिविधान से मां लक्ष्मी का पूजन किया।