पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी से मैदानी इलाके शीतलहर की चपेट में हैं। सर्द हवाएं चलने से लोग कांप रहे हैं। तापमान में लगातार आ रही गिरावट से अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान सामान्य से नीचे हैं। ऐसे में हल्की धूप भी राहत प्रदान नहीं कर पा रही है। दिनभर ठिठुरन के साथ ही लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ठंड बढ़ने से सुबह व शाम को बाजारों में सूनापन रहने लगा है। ठंड से बचने के लिए लोग गर्म कपड़ों में ही लिपटे हैं। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो अभी शीतलहर का प्रभारी बना रहेगा। बादल छाए रखने से धूप कमजोर रहेगी।
जिले में कड़ाके की ठंड से जन जीवन अस्त-व्यस्त है। लोग ठंड से बचने के लिए तरह-तरह के उपाय कर रहे हैं। सुबह शाम बाजार में भीड़ कम होने से दुकानदार भी सर्दी से निजात पाने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं। मौसम में आए बदलाव से अस्पताल में मरीजों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। चिकित्सक लोगों को सर्दी से बचने की सलाह दे रहे हैं। दो दिनों से सर्द हवाएं चलने से लोगों को कोहरे से जरूर राहत मिली हैं, लेकिन सर्द हवाओं से लोग कांप रहे हैं। तापमान में भी लगातार गिरावट आ रही है। रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों ने आगामी दिनों में तापमान में ओर गिरावट आने की संभावना जताई है।
वाहन चालकों के लिए जारी की गाइडलाइन
सफर में जरूरत के अनुसार सामने के शीशे को अखबार से साफ करते रहें।
आगे वाले दरवाजों के शीशों को थोड़ा खुला रखें, जिससे सामने के शीशे के अंदर-बाहर के तापमान में ज्यादा अंतर ना रहे।
लाइट को लो-बीम पर जलाकर रखें, जरूरत के अनुसार पार्किंग लाइट जलाकर चलें।
रात में सफर करने से बचें, प्रयास करें कि दिन में ही अपनी यात्रा पूरी कर लें।
ओवरटेकिंग करने के दौरान सावधानी बरतें। आगे-पीछे देखकर ही साइड से वाहन निकालें।
दृश्यता कम होने पर वाहहन को ओवरटेक करने का प्रयास ना करें।
सड़क पर वाहन पार्क न करें।
वाहन को तेज गति से न चलाएं।
बेहतर स्वास्थ्य के लिए इन बातों का रखें ख्याल
रात में सोते समय कमरे की एक खिड़की खुली रखें, एयर टाइट कमरे में सोने से बचें।
सर्दी से रक्तचाप बढ़ जाता है, ऐसे में पर्याप्त कपड़े पहनकर ही घरों से बाहर निकले।
बच्चों, बुजुर्गों व बीमार व्यक्तियों को सर्दी से बचाकर रखें।
बंद कमरे में ब्लोअर या अंगीठी का प्रयोग न करें, इससे ऑक्सीजन की कमी हो सकती है।
पर्याप्त कपड़े व जूते पहनकर ही घर से बाहर निकलें
सांस फूलने, बुखार होने या अन्य किसी प्रकार की परेशानी होने पर चिकित्सक से परामर्श लें।
पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के चलते मैदानी इलाके शीतलहर की चपेट में हैं। जिससे तापमान में गिरावट आ रही है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य से कम बने हुए हैं। दिन में धूप निकलने के बावजूद सर्दी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। हवा में आर्द्रता ज्यादा रहने से कोहरा छाने का भी पूर्वानुमान है। फिलहाल बारिश होने के संकेत नहीं हैं। ऐसे में सर्दी से बचने के लिए सावधानी बरतने की जरूरत है। -डॉ. प्रेमदीप सिंह, मौसम वैज्ञानिक