सोनीपत। जिला पार्षदों व ब्लॉक समिति सदस्यों के अधिकारों व मांगों को लेकर 10 जुलाई को जिला परिषद की बैठक में प्रदर्शन किया जाएगा। अगर जिला पार्षदों के अधिकारों के साथ खिलवाड़ गया तो विधानसभा चुनाव में सरकार के प्रति रोष जताया जाएगा। जिला पार्षद संजय बड़वासनी ने कहा कि पंचायती राज की सबसे बड़ी संस्था जिला परिषद में पार्षदों के पास कोई भी अधिकार नहीं है, उनके पास खुद का कोटा भी नहीं है, जबकि विधायकों को प्रति वर्ष पांच करोड़ रुपये हलके में खर्च करने के लिए जारी किए जा रहे हैं। जिला पार्षद अपनी मर्जी से एक रुपया भी अपने वार्ड में खर्च नहीं कर सकते। ऐसे में 10 जुलाई को बिगुल बजाकर संघर्ष का ऐलान किया जाएगा। सरकार जिला पार्षद, सरपंच, ब्लॉक समिति सदस्यों के कार्य बांटने से जिला पार्षदों की हालत खराब हुई है। उन्होंने मांग की, कि जिला पार्षदों को विधायक की तर्ज पर 50 लाख रुपये सालाना कोटा दिया जाए, ताकि वह अपनी मर्जी से विकास कार्य करवा सकें।