सोनीपत। शहर के जटवाड़ा में वीरवार रात को दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला करने का आरोप लगाते हुए सिविल लाइन थाने की पुराना शहर चौकी में शिकायत दी है।
एक पक्ष का आरोप है कि पेट्रोल छिड़क कर उनके घर को जलाने और तेजधार हथियारों से दरवाजों पर वार कर तोड़ने की कोशिश की गई। दूसरे पक्ष ने भी कुल्हाड़ी, लाठी-डंडों से वार कर दरवाजा तोड़ने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामला रुपये के लेन-देन का बताया जा रहा है।
पुलिस को दी शिकायत में जटवाड़ा के रहने वाले प्रिंस ने बताया कि वीरवार की शाम वह अपनी दुकान पर थे। इसी दौरान विकास उनकी दुकान पर आकर गाली-गलौज करने लगा। टोकने पर जान से मारने की धमकी देकर चला गया। इसके बाद उसने पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं कराया।
आरोप है कि रात करीब साढ़े 10 बजे विकास, दीपक व अन्य कई युवकों ने उनके घर पर तोड़-फोड़ की और पेट्रोल छिड़ककर दरवाजों पर आग लगा दी। पीड़ित के भाई ने जटवाड़ा के ही रहने वाले विक्रम पर भी इसमें शामिल होने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच कर रही है।
दूसरे पक्ष ने भी दी शिकायत
इसी मामले में दूसरे पक्ष की ओर से विक्रम की पत्नी रेखा ने भी शिकायत दी है। उनका कहना है कि पति विक्रम और जेठ बाहर गए थे। रात करीब सवा नौ बजे मुंह पर कपड़ा बांधे 10-12 युवकों ने उनके घर के दरवाजों पर कुल्हाड़ी और तेजधार हथियारों से वार कर तोड़ने की कोशिश की। बाहर रखे गमले और घर के शीशे भी तोड़ दिए। आरोप है कि युवकों ने उधार दिए रुपये दोबारा मांगने पर जाने से मारने की धमकी देकर चले गए। घटना सीसीटीवी में कैद हुई है।