राई। गांव मेहंदीपुर में पशु अस्पताल के पास वाहन की चपेट में आने से दोनों पैर से दिव्यांग बुजुर्ग की मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। गांव मेहंदीपुर निवासी कप्तान ने मुरथल थाना पुलिस को बताया कि वह पानीपत के समालखा स्थित निजी कॉलेज में सुरक्षा गार्ड हैं। वह तीन भाई और तीन बहन हैं। उनके दूसरे नंबर के भाई रमेश (65) थे। वह दोनों पैरों से दिव्यांग थे और अविवाहित थे। कप्तान ने बताया कि रविवार सुबह सूचना मिली कि रमेश गांव के सरकारी पशु अस्पताल के पास गढ़ी बख्तावरपुर रोड पर हादसे में घायल हो गए हैं। उन्होंने भाई कुलबीर को मौके पर भेजा और बाद में बहन सुमित्रा व सरोज के साथ वह भी मौके पर आ गए। उन्होंने देखा कि रमेश की मौत हो चुकी है। उनको पता लगा कि किसी अज्ञात वाहन ने उनके भाई को कुचला है। उसका भाई दोनों पैरों से दिव्यांग होने के चलते जमीन पर घिसटकर चलता था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।