- कार्तिक पूर्णिमा :
- सतकुंभा धाम में लगा धार्मिक मेला में पहुंचे श्रद्धालुओं ने दीपदान और दान-पुण्य कर मांगी मन्नत
संवाद न्यूज एजेंसी
गन्नौर। कार्तिक पूर्णिमा पर्व पर मंगलवार को यमुना और सिद्धपीठ तीर्थ सतकुंभा धाम के सरोवर में श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान के बाद पूजा-अर्चना की, दीपदान किया और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए मन्नत मांगी।
सिद्धपीठ तीर्थ सतकुंभा धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने भगवान के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-शांति और खुशहाली की कामना की। श्रद्धालुओं ने मंदिर में पूजा-अर्चना और तीर्थ दर्शन करने के बाद भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।
सिद्धपीठ तीर्थ सतकुंभा धाम के पीठाधीश्वर श्रीमहंत राजेश स्वरूप महाराज ने कहा कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन पवित्र तीर्थों में स्नान, दीपदान, भगवान विष्णु की पूजा और जरूरतमंदों को दान करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। कार्तिक मास भगवान श्रीहरि विष्णु की आराधना के लिए पवित्र माना जाता है और कार्तिक पूर्णिमा इस महीने का सबसे महत्वपूर्ण पर्व है।
सेवा में जुटे रहे स्वयंसेवक
धाम के प्रबंधक सूरज शास्त्री ने बताया कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सेवा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। सत्यवान स्वरूप महाराज, सोमबीर शास्त्री, अमन आचार्य, सुमित, ब्रह्मपाल सहित अन्य स्वयंसेवक व्यवस्थाओं में जुटे रहे। उन्होंने बताया कि सभी स्वयंसेवकों ने पूरी निष्ठा से अपनी जिम्मेदारी निभाई। श्रद्धालुओं के सहयोग से भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
फोटो: सोनीपत के सतकुंभा धाम में पूजा अर्चना करती महिला श्रद्धालु। स्रोत: पाठक