गन्नौर। शहर को बेसहारा पशुओं से निजात दिलाने के लिए देवा सोशल वेलफेयर सोसायटी गन्नौर ने कदम उठाया है। सोसायटी के सदस्य बेसहारा गोवंशों को पकड़ कर आसपास की गोशालाओं व नंदीशाला में छोड़ रहे हैं।
देवा सोशल वेलफेयर सोसायटी के संस्थापक एवं सामाजिक कार्यकर्ता देवेंद्र कादियान ने बताया कि शहर में बेसहारा पशुओं की भरमार हो रही है। पशुओं का झुंड एक साथ निकलता है तो हादसा होने का डर सताता रहता है। कई लोग इनकी चपेट में आकर घायल भी हो चुके हैं। समस्या गंभीर होने पर इन पशुओं को पकड़वाने को लेकर लोग उनसे मिले। इसके बाद अपनी संस्था के माध्यम से बेसहारा पशुओं को पकड़ने का अभियान चलाया है। इसमें करीब 20 लड़के लगे हैं, जो रात के समय पशुओं को पकड़ते हैं और आसपास की गोशालाओं व नंदीशाला में छोड़ते हैं। अब तक 25 से ज्यादा गोवंशों को पकड़ा जा चुका है। संवाद