संवाद न्यूज एजेंसी
गन्नौर। रेलवे रोड सब्जी मंडी में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। मार्केट कमेटी की ओर से सफाई का ठेका लेने वाली एजेंसी को दो बार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद मंडी परिसर की सफाई व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ है। जगह-जगह लगे कूड़े के ढेरों से व्यापारियों और ग्राहकों में रोष है।
मुख्य रास्तों के किनारे और कूड़ेदानों के आसपास कचरा फैला रहा, जिससे लोगों को आने-जाने और खरीदारी करने में परेशानी का सामना करना पड़ा। बरसात के मौसम में सड़ रहे कचरे से बदबू फैल रही है, जिससे बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। सब्जी खरीदने आए ग्राहक संदीप, बिंदर, साहिल और रूपेश ने बताया कि मंडी में लंबे समय से सफाई व्यवस्था बदहाल बनी हुई है।
उनका कहना है कि मंडी में प्रतिदिन हजारों लोग खरीदारी करने आते हैं लेकिन नियमित सफाई नहीं होने के कारण गंदगी लगातार बढ़ रही है। इसका असर मंडी की छवि के साथ-साथ कारोबार पर भी पड़ रहा है। मार्केट कमेटी अधिकारियों ने सफाई एजेंसी को पहले भी दो बार नोटिस जारी कर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए थे लेकिन इसके बावजूद एजेंसी ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सफाई व्यवस्था को जल्द दुरुस्त कर एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाए। वहीं मार्केट कमेटी सचिव जगबीर सिंह का कहना है कि सब्जी मंडी में सफाई को लेकर एजेंसी को लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए हैं। यदि सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो एजेंसी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।