सोनीपत। जिला निर्वाचन अधिकारी और उपायुक्त डाॅ. मनोज कुमार ने बुधवार को सोनीपत-खरखौदा-राई खंडों में बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने विशेष रूप से उन बूथों का जायजा लिया जहां एक ही परिसर में छह बूथ स्थापित किए गए हैं।
उपायुक्त ने सोनीपत खंड में गढ़ी ब्राह्मणान के राजकीय माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए बूथों की जांच की। यहां प्राथमिक पाठशाला और वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल की बिल्डिंग भी साथ में स्थापित है, जिनके लिए प्रवेशद्वार एक ही है। उपायुक्त ने कहा कि इन बूथों पर करीब 7400 मतदाता हैं। ऐसे में भीड़ न हो, इसके लिए जरूरी उपाय किए जाएं। यहां प्रवेशद्वार को दो भागों में बांट दें, जिसमें अलग- अलग बूथों के लिए मतदाताओं को मतदान के लिए प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने स्कूल प्राचार्य को निर्देश दिए कि वह विद्यार्थियों के लिए बास्केटबॉल कोर्ट का निर्माण करवाएं।
तदोपरांत उपायुक्त खरखौदा पहुंचे। उन्होंने राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खरखौदा में स्थापित बूथों का निरीक्षण किया। यहां भी उन्होंने एक ही प्रवेशद्वार के चलते निर्देश दिए कि प्रवेशद्वार को दो हिस्सों में विभाजित करें। इससे अलग-अलग बूथों के लिए अलग प्रवेश की सुविधा मिलेगी। उन्होंने रैंप को दुरुस्त करने के भी निर्देश दिए। इन बूथों पर लगभग 6500 मतदाता हैं, जिन्हें मतदान के लिए अच्छी सुविधा देने के निर्देश दिए।
उपायुक्त राई के बूथों के निरीक्षण के लिए प्याऊ मनियारी पहुंचे। यहां राजकीय प्राथमिक पाठशाला और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में स्थापित तीन-तीन बूथों को लेकर विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि यहां दोनों विद्यालयों के लिए अलग-अलग प्रवेशद्वार हैं। इसलिए इस परिसर को छह बूथों वाले परिसर से बाहर करें। अंत में उन्होंने सेक्टर-15 स्थित डीएवी मल्टीपरपज स्कूल और सिक्का काॅलोनी स्थित ऑर्चिड स्कूलों का दौरा करते हुए बूथों की पड़ताल की।