सोनीपत। लोकसभा चुनाव में अब कुछ ही समय शेष है। चुनाव आयोग ने मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन पहले ही कर दिया है। मतदाताओं को इसमें अपना नाम सहित अन्य विवरण जांचने के लिए अंतिम मौका दिया है।
उपायुक्त और जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि मतदाता सूची में अपना नाम चेक करना आसान है। आप इसे ऑनलाइन अपने कंप्यूटर या मोबाइल से कर सकते हैं। मतदाता सूची में अपना नाम खोजने के लिए आपको अपने राज्य एवं विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के नाम, अपना प्रथम एवं अंतिम नाम, जन्म तिथि और आयु इत्यादि की जानकारी देनी होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि यदि आप अपने कंप्यूटर के जरिए यह काम कर रहे हैं तो आपको सबसे पहले चुनाव आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in/ पर जाना होगा और इसमें दिख रहे सर्च इन इलेक्टोरल रोल ऑप्शन पर क्लिक करना होगा। इसके बाद स्क्रीन पर एक फार्म निकलेगा। इसमें जरूरी डिटेल भरने के बाद सर्च ऑप्शन पर क्लिक करेंगे तो मतदाता सूची से संबंधित आपकी जानकारी सामने आ जाएगी। साथ ही यह भी पता लग जाएगा कि आपका वोट किस मतदान केंद्र पर है। इसके अलावा इसी पेज पर ईपीआईसी नंबर के जरिए भी अपना नाम वोटिंग लिस्ट में चेक कर सकते है। वहीं अगर आपका फोन नंबर चुनाव आयोग में रजिस्टर है तो आप फोन नंबर डालकर भी अपना नाम देख सकते हैं।