सोनीपत। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने लोकसभा आम चुनाव के मद्देनजर उत्तरप्रदेश के साथ लगते पुलिस नाकों का निरीक्षण किया और वहां व्यवस्थाओं की जांच की। उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता के दृष्टिगत उत्तरप्रदेश के साथ सटी सीमाओं को पूर्ण रूप से सुरक्षित कर हर प्रकार की अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए खुर्मपुर, केजीपी जाखौली, जगदीशपुर, गढ़ मिर्कपुर चौकी के सामने व मिमारपुर चौकी के सामने और बेगा घाट पर पुलिस नाके लगाए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता की अनुपालना को किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पहले चुनाव उत्तर प्रदेश में होने हैं। ऐसे में संभावनाएं हैं कि आपराधिक तत्व यूपी में सक्रिय हों और चुनाव उपरांत हमारी सीमा में घुसने का प्रयास करें। अपराधियों की इस प्रकार की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाए। इसके लिए बॉर्डर पर विशेष रूप से जांच को और मजबूत किया जाए।
नशीली वस्तुओं की निगरानी के लिए टीम गठित
उपायुक्त ने कहा कि चुनाव के दौरान अवैध शराब, नशे से संबंधित अन्य वस्तुओं व नकदी के प्रयोग पर नजर रखने के लिए जिला में स्टेटिक सर्विलेंस टीम (एसएसटी) का गठन किया गया है। यह टीम चुनाव के दौरान निर्धारित नाकों पर वाहनों की जांच करेगी। जांच के दौरान किसी गाड़ी में 50 हजार रुपये से अधिक की राशि हो, 10 हजार रुपये से अधिक राशि का उपहार व सोना-चांदी मिलते हैं तो वह उसे तुरंत सीज करेगी और संबंधित के खिलाफ कार्रवाई करेगी।
नहीं होने दी जाएगी शराब की अवैध बिक्री
उपायुक्त ने कहा कि लोकसभा आम चुनाव के मद्देनजर जिले में अवैध रूप से शराब की बिक्री नहीं होने दी जाएगी। शराब की बिक्री पर जिला प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। किसी भी पुलिस नाके पर एसएसटी टीम को शराब मिली तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि अगर उनके संज्ञान में भी किसी प्रकार की शराब की बिक्री, मतदाताओं को वोट डालने के लिए नकद पैसे के बांटने की सूचना मिलती है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते उचित कदम उठाए जा सकें। सूचना देने वाले का नाम भी गुप्त रखा जाएगा।