दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में लगभग तीन माह पुराने एक महिला कर्मचारी के साथ छेड़छाड़ के मामले में आरोपी डिप्टी रजिस्ट्रार रजिस्ट्रेशन विभाग आरके वर्मा को निलंबित कर दिया गया है। गौरतलब है कि दो दिन पहले जांच कमेटी ने अपनी रिपोर्ट यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार आरके अरोड़ा को दी थी। निलंबन की कार्यवाही वीसी आरके दहिया के आदेश पर की गई है।
ये है मामला
मुरथल यूनिवर्सिटी में स्टेनो टाइपिस्ट के पद पर कार्यरत एक महिला कर्मचारी ने महिला पुलिस थाना में शिकायत दी थी। इसमें बताया था कि वह सितंबर 2014 से 25 अगस्त 2015 तक यूनिवर्सिटी की रजिस्ट्रेशन ब्रांच में कार्यरत थी। इस ब्रांच के हेड डिप्टी रजिस्ट्रार आरके वर्मा थे। इस दौरान डिप्टी रजिस्ट्रार ने इस महिला कर्मचारी के साथ कई बार अनैतिक व्यवहार किया। जब महिला कर्मचारी ने इसका विरोध किया तो उसे धमकी दी गई कि उसका प्रोबेशन पीरियड है। उसकी नौकरी पक्की नहीं की जाएगी। महिला कर्मी ने 18 अगस्त 2015 को कुलपति को इस बाबत लिखित शिकायत दी। इस मामले में यूनिवर्सिटी की महिला सेल को जांच सौंपी गई।