सोनीपत। बिजली की दरों में की गई बढ़ोतरी और प्रदेश के 4 लाख से ज्यादा परिवारों के बीपीएल कार्ड काटने, बीपीएल परिवारों को राशन डिपो पर सरसों का तेल ढाई गुना अधिक कीमत पर देने के विरोध में लोगों ने गोहाना रोड स्थित लघु सचिवालय के बाहर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व जिला पार्षद संजय बड़वासनी ने किया। लोगाें ने लालटेन हाथ में लेकर सरकार को चुनाव से पहले किए गए वादों को याद दिलाया। इसके बाद जिला पार्षद ने मुख्यमंत्री के नाम नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
विज्ञापन
ऋतुराज, संदीप, प्रदीप, कुलदीप, राजवीर, योगेश और बड़वासनी ने कहा कि सरकार ने चुनाव से पहले प्रदेश में 300 यूनिट बिजली निशुल्क देने का वादा किया था मगर अब निशुल्क देने के बजाय बिजली बिल की दरों में बढ़ोतरी करके लोगाें पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। सरकार लगातार जनविरोधी फैसले ले रही है।
बड़वासनी ने कहा कि प्रदेश में जरूरतमंद लोगों के बीपीएल कार्ड काट दिए गए हैं। राशन डिपो पर मिलने वाला सरसों के तेल के दाम में 60 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। किसानों को उनकी फसल का उचित मुआवजा नहीं मिल रहा है। प्रदेश में बेरोजगारी व महंगाई अपने चरम पर है।
शपथ लेने से पहले रोजगार देने का वादा, भर्ती वापस ली
लोगों ने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले हरियाणा पुलिस में 8600 युवाओं की लिस्ट जारी कर उन्हें रोजगार देने के बाद शपथ लेने की बात कहीं गई थी। बाद में इस भर्ती को वापस ले लिया गया। 49 पेपर में से 48 लीक हुए, ताकि बेरोजगारों को रोजगार न दिया जाए। चेयरमैन बाहर का है, तहसीलदार भी बिहार से लाने पड़ रहे हैं। सरकार का जनता से विश्वास उठ चुका है। यह कर्मचारी विरोधी भी है। दो-दो साल की तैयारी के बावजूद युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। सरकार की जिम्मेदारी बनती है कि सुरक्षा, शिक्षा, चिकित्सा को बढ़ावा दिया जाए लेकिन 4 हजार सरकारी स्कूल बंद कर दिए हैं। एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए 40 लाख रुपये सिक्योरिटी तय कर दी गई है। जरूरतमंद के बच्चे कैसे आगे बढ़ेंगे।
सरेआम बाजारों में लूटपाट, डकैती जैसी घटनाएं बढ़ी
सतवीर, राजेंद्र, कुलदीप, सुरेश, अमित, सुमित ने कहा कि प्रदेश में लगातार भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। कानून व्यवस्था बिगड़ रही है। हालात बदतर होते जा रहे हैं। सरेआम बाजारों में लूटपाट, डकैती जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं। आए दिन हत्या होने के मामले सामने आ रहे हैं। रामराज की स्थापना का नारा देने वाली सरकार के राज में कानून व्यवस्था का दिवाला निकल रहा है। उन्होंने मांग की कि सरकार बिजली बिलों की दरों में की गई बढ़ोतरी को वापस ले। जरूरतमंद परिवारों के बीपीएल कार्ड बनवाए जाएं। सरसों के तेल के बढ़ाए गए दाम वापस लिए जाएं। जनता के हित में निर्णय लिए जाएं अन्यथा आमजन सरकार के खिलाफ सड़काें पर उतरने के लिए मजबूर होंगे।