सोनीपत। जिले की खस्ताहाल सड़काें और पानी निकासी की व्यवस्था न होने के विरोध में शनिवार को जिला पार्षद संजय बड़वासनी ने लोगों के साथ मिलकर प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के खिलाफ रोष जताया। लोगों ने मुरथल रोड पर बियर फैक्टरी के पास खस्ताहाल रोड पर कफन बिछाकर व फूल चढ़ाकर प्रदर्शन किया। लोगों ने प्रशासन से मांग की कि खस्ताहाल सड़कों को जल्द दुरुस्त करवाया जाए ताकि परेशानी से निजात मिल सके।
जिला पार्षद ने कहा कि कई जगह खस्ताहाल रोड आए दिन दुर्घटना का कारण बन रहे हैं। कहीं ई-रिक्शा पलट जाता है तो कहीं दोपहिया वाहन चालक फिसल रहे हैं। कई जगह सड़कों का पुनर्निर्माण होने के थोड़े समय बाद ही रोड टूटने लगा है। पैचवर्क के नाम पर भी खानापूर्ति हो रही है जबकि नगर निगम ने 25-25 लाख रुपये के दो टेंडर छोड़े हैं।
मानसून में निकासी व सफाई व्यवस्था के नाम पर करोड़ों रुपये का बजट जारी किया जाता है लेकिन सड़कों पर बारिश का पानी भरा रहता है। पानी निकासी का कोई प्रबंध नहीं है। ऐसे में लोगाें को परेशानी उठानी पड़ रही है। मजदूरी यूनियन के प्रधान अनिल सैनी ने कहा कि मुरथल रोड स्थित बियर फैक्टरी के पास थोड़ी सी बारिश के बाद ही पानी भर जाता है।
पानी निकासी का कोई उचित प्रबंध नहीं है। इसके चलते पानी फैक्टरियों के अंदर पहुंच जाता है। कर्मचारियों को आवागमन करने में परेशानी होती है। अधिकारियों को कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। अगर प्रशासन की ओर से जल्द कोई कदम नहीं उठाया गया तो मजदूर व कर्मचारी वर्ग रोड जाम करने से पीछे नहीं हटेगा।
प्रदर्शन में कुलदीप, राजवीर, महेश, जोगिंद्र, प्रदीप, संदीप, सुमित्रा, कविता, राजू, सुरेश, कबीर, राजेश, सुमित, संजीत, महेंद्र, महिपाल मौजूद रहे।