सोनीपत। गोहाना रोड स्थित पुलिस लाइन परिसर में जिला सोनीपत पुलिस सेवानिवृत्त अधिकारी व कर्मचारी संगठन के सदस्यों की मासिक बैठक हुई। जिसकी अध्यक्षता प्रधान जयपाल खोखर ने की। बैठक में करीब 80 सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने विभिन्न लंबित मांगों पर विचार-विमर्श किया।
प्रधान जयपाल सिंह खोखर ने सरकार से सभी सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों की लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पेंशनरों को 8वें वेतन आयोग का पूर्ण लाभ दिया जाए। सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों का स्वास्थ्य भत्ता बढ़ाकर 3000 रुपये किया जाए। पेंशनर्स की आयु 65, 70, 75 व 80 वर्ष होने पर पेंशन में क्रमश: 5, 10, 15 व 20 फीसदी बढ़ोतरी की जाए। स्वास्थ्य कैशलेस की सुविधा जल्द लागू की जाए। दांत, आंख व कान की क्लेम राशि को बढ़ाया जाए। पेंशनर के आश्रितों को एलटीसी की सुविधा प्रदान की जाए। वरिष्ठ नागरिक को रेल में यात्रा करने पर पहले की तरह छूट दी जाए।
बैठक में जगदीश मोर, राजेंद्र सिंह, बलजीत, रामकुमार शर्मा, ईश्वर सिंह, काशीराम, हवा सिंह, दयाचंद, बिजेंद्र दहिया, जयभगवान, कवर सिंह, अशोक कुमार, भगत सिंह मौजूद रहे।