सोनीपत। कामी रोड स्थित सहकारी शुगर मिल में पेराई सत्र शुरू होने के लिए किसानों को अभी और इंतजार करना पड़ सकता है। मिल प्रशासन को 28 नवंबर को ट्रायल लेना था लेकिन अभी यह फाइनल नहीं हो पाया है। मिल में पेराई सत्र की शुरूआत होने में इस बार काफी देर हो गई है।
मिल प्रबंधन की तरफ से पिछले पेराई सत्र के लिए 32 लाख क्विंटल गन्ने की बांडिंग की गई थी। इसमें से 28 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई की थी। इस बार लगभग 14 हजार एकड़ भूमि में किसानों ने गन्ना उगा रखा है। किसानों ने मिल प्रशासन के सामने करीब 48 लाख क्विंटल गन्ने का ऑफर रखा था।
इसके बाद मिल प्रशासन ने किसानों के साथ लगभग 32 लाख क्विंटल गन्ने की बॉडिंग की है। नवंबर के पहले पखवाड़े में पेराई सत्र की शुरुआत हो जाती थी। इस बार टेंडर विवाद के चलते मरम्मत कार्य देर से शुरू हो सका। मिल प्रशासन ने 28 नवंबर को मास्टर ट्रायल लेकर 4 नवम्बर को पिराई सत्र शुरू करने का आश्वासन किसानों को दिया था।
किसानों की मांग है कि जल्द पेराई सत्र की शुरूआत की जाए ताकि अप्रैल में गर्मी बढ़ने से पहले ही पेराई का काम पूरा हो सके।