साइकिल अभियान के तहत डीसी के नोटिस में आए सीवरेज लाइन के टूटे ढक्कन 30 मई की तय समय सीमा तक नहीं बदले गए। इसके चलते डीसी के आदेश पर एसडीएम ने पब्लिक हेल्थ के अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने का फैसला किया है। एक्सईएन सीवरेज को एक सप्ताह में नोटिस का जवाब देना होगा।
सीवर के टूटे ढक्कनों को गंभीरता से लेते हुए करीब एक माह पहले डीसी केएम पांडुरंग ने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को खरी-खरी सुनाते हुए सभी ढक्कनों को बदलने के आदेश दिए थे, लेकिन 30 मई तक पूरे शहर के ढक्कन नहीं बदले गए। अमर उजाला ने 10 मई को सीवरेज के टूटे ढक्कनों की समस्या को प्रमुखता से उजागर किया था। डीसी ने तुरंत प्रभाव से संज्ञान लेते हुए जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सभी सीवर के ढक्कनों को बदले के लिए 30 मई तक का समय दिया गया था। लेकिन अधिकारियों की अनदेखी के कारण बुधवार को डीसी केएम पांडुरंग ने एसडीएम निशांत यादव को जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
पहले नोटिस, फिर एफआईआर
एक माह पहले सभी सीवर के ढक्कनों के बदलने के लिए कहा गया था। पब्लिक हेल्थ के अधिकारियों ने खुद एक माह का समय मांगा था। समय सीमा गए आठ दिन हो गए, लेकिन अभी तक शिकायतें मिल रही है। पहले एसडीएम एक सप्ताह का अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस देंगे। इसके बाद भी काम नहीं हुआ तो एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी।
-केएम पांडुरंग ,डीसी सोनीपत
डीसी के आदेश मिले, नोटिस जारी
डीसी के आदेश के बाद जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिए गए हैं। एक सप्ताह में जवाब मांगा गया है। जवाब न मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-निशांत यादव, एसडीएम सोनीपत
आज देखूंगा रिपोर्ट, कितने ढक्कन हुए ठीक
डीसी के आदेश के बाद सभी सीवर के ढक्कनों को बदला जा रहा है। गुरुवार को खुद कामकाज की समीक्षा करके रिपोर्ट तैयार करेंगे। अभी एसडीएम की तरफ से कोई भी कारण बताओ नोटिस नहीं मिला है।
-श्रीकृष्ण दहिया, एक्सईएन सीवरेज, जनस्वास्थ्य विभाग