खरखौदा। उपमंडल खरखौदा में भी बुधवार को होने जा रही माक ड्रिल के तहत आपातकालीन हालात से निपटने का अभ्यास किया जाएगा। एसडीएम डाॅ. निर्मल नागर ने बताया कि यह मॉक ड्रिल बढ़ते सुरक्षा खतरे और हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार की ओर से सभी जिलों में करवाई जा रही है।
एसडीएम ने बताया कि इस अभ्यास के दौरान हवाई हमले की चेतावनी देने वाले विशेष सायरन का संचालन किया जाएगा, जिसकी आवाज तेज और कंपनयुक्त होती है, ताकि आम नागरिक अन्य अलार्म से इसे अलग पहचान सकें। ड्रिल के दौरान लोगों को हमले की स्थिति में क्या-क्या एहतियात कदम उठाने चाहिए, इसका प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इसके अलावा क्षेत्र में मौजूद बंकरों और खाइयों की सफाई व पुनर्सज्जा का कार्य भी इस अभ्यास का हिस्सा रहेगा। एसडीएम ने नागरिकों से अपील की है कि वह माक ड्रिल को लेकर किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि यह अभ्यास पूरी तरह से सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से किया जा रहा है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में जानमाल की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।