गन्नौर। भौरा रसूलपुर गांव के खेत में एक युवक का शव पड़ा मिला। सूचना के बाद गन्नौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने शव का सोनीपत के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि बिसरा रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस की तरफ से 174 की कार्रवाई की गई है।
गांव भौरा रसूलपुर निवासी 25 वर्षीय मनजीत प्राइवेट नौकरी करता था। कुछ दिन पहले वह अपनी पत्नी को घर छोड़ कर आया था। बुधवार की सुबह उसका शव गांव के खेत में पड़ा मिला। जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को मामले की सूचना दी। इसके बाद गन्नौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से शराब की बोतल भी बरामद की है। पुलिस का कहना है कि बिसरा जांच के बाद परिजनों के बयान पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अंतिम संस्कार करने से किया मना, थाना प्रभारी ने समझाया
पोस्टमार्टम के बाद देर शाम को मनजीत का शव गांव में लाया गया। परिजनों ने मनजीत के शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। गन्नौर थाना प्रभारी रवि कुमार मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। परिजनों ने कहा कि मनजीत के साथ खेत में मौजूद लोगों के बारे में पता लगा कर उनसे पूछताछ करनी चाहिए। उन्होंने मनजीत की हत्या किए जाने का शक जताया है। रवि कुमार ने उन्हें आश्वासन दिया कि पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है। यदि मनजीत की हत्या हुई है तो पुलिस आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी। थाना प्रभारी के आश्वासन के बाद परिजन संतुष्ट हुए। जिसके बाद उन्होंने मनजीत का अंतिम संस्कार किया।