खरखौदा। शहर के गोपालपुर मार्ग के पास ज्वार के खेत में शनिवार सुबह एक व्यक्ति का सड़ा हुआ शव मिला है। खेत में गए किसान ने शव को देखकर मामले से पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सामान्य अस्पताल में भिजवाया, जहां से उसे महिला मेडिकल कालेज अस्पताल खानपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में कुछ कहा जा सकेगा।
शनिवार की सुबह शहरवासी भीम सिंह अपने खेत में ज्वार की फसल देखने के लिए गया था। उसने गोपालपुर मार्ग पर ग्रेटर कैलाश, दिल्ली निवासी राजीव छाबड़ा के खेतों को पट्टे पर ले रखा है। भीम सिंह जब ज्वार के खेत में पहुंचा तो उसे बदबू आने लगी। जिस पर जब वह खेत के बीच में पहुंचा तो वहां एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ मिला। शव का आधा हिस्सा कंकाल बन चुका था और बाकी हिस्सा बुरी तरह से सड़ा हुआ था। उसकी पहचान कर पाना मुश्किल था। भीम सिंह ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने एफएसएल की टीम को मौके पर बुलाया। शव की कमर से ऊपर का हिस्से पर सिर्फ हड्डियों पर कुछ मास के टुकड़े ही दिखाई दे रहे थे। पुलिस जांच में सामने आया कि व्यक्ति की मौत करीब 20 दिन पहले हो चुकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत भिजवा दिया। जहां से खानपुर भेज दिया गया। खानपुर में पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का पता लग सकेगा। वहीं पुलिस ने शव की पहचान के लिए प्रयास शुरू कर दिया है।
वर्जन
खेत के अंदर एक व्यक्ति का सड़ा हुआ शव मिला है। जिसकी हालत शिनाख्त के लायक नहीं है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। जिसकी रिपोर्ट के आधार पर ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। वहीं आसपास के थानों में भी किसी की गुमशुदगी बारे जानकारी जुटाई जा रही है।
-डा.अर्पित जैन, एएसपी खरखौदा।