सोनीपत। औद्योगिक क्षेत्र में अवैध कॉलोनी काटकर प्लॉट की फर्जीवाड़ा करके रजिस्ट्री करने के मामले को डीसी श्यामाल पूनिया ने गंभीरता से लिया है। डीसी ने डीटीपी व तहसीलदार दोनों को तलब किया है और इसके साथ ही अन्य सभी जगह का ब्यौरा मांगा है, जिससे गड़बड़ी की जगहों पर कार्रवाई हो सके। इसके साथ ही तहसील में रजिस्ट्री में भ्रष्टाचार के आरोप नहीं लग सके, उसके लिए एक भी रजिस्ट्री मेन्युअल नहीं की जाएगी तो नगर निगम व डीटीपी की एनओसी के बिना भी कोई रजिस्ट्री नहीं कराई जाएगी। डीसी ने डीटीपी को अवैध कॉलोनियों का पूरा ब्यौरा एकत्र करके कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए हैं। इसके अलावा जिले की सभी तहसील व उप तहसील में हर तरह की जमीन की जानकारी के बोर्ड लगाए जाएंगे, जिनमें औद्योगिक व कृषि सभी जमीन शामिल होगी। जिससे औद्योगिक क्षेत्र की तरह अवैध कालोनी काटकर कोई फर्जीवाड़ा करके रजिस्ट्री नहीं करा सके।
जहां सरकार ने भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने पर रजिस्ट्री करने पर रोक लगाई हुई है, वहीं सोनीपत के औद्योगिक क्षेत्र में फैक्टरी की जमीन में अवैध कॉलोनी काटकर प्लॉटों की फर्जीवाड़ा कर रजिस्ट्री कराने का मामला सामने आ गया है। एचएसआईआईडीसी की रिपोर्ट में खुद इसका खुलासा हुआ है। जिसके बाद से अधिकारी हरकत में आए हुए हैं। इस तरह औद्योगिक क्षेत्र में अवैध कॉलोनियां काटकर प्लॉट की रजिस्ट्री भी कराए जाने को डीसी श्यामलाल पूनिया ने गंभीरता से लिया है। डीसी ने इस मामले को देखते हुए डीटीपी अरविंद्र ढुल व तहसीलदार विकास कुमार को तलब किया और अवैध कॉलोनियों को लेकर पूरा ब्यौरा मांगा, जिससे अवैध कॉलोनी काटकर वहां की गलत तरीके से रजिस्ट्री कराने वालों पर कार्रवाई हो सके। इसके अलावा जिलेभर की अवैध कॉलोनियों का ब्यौरा एकत्र करने के निर्देश डीटीपी को दिए गए हैं, जिससे ऐसा करने वालों पर कार्रवाई हो सके। डीसी श्यामलाल पूनिया ने डीटीपी को निर्देश दिए हैं कि जिस तहसील के अंतर्गत जिस तरह की जमीन आती है, जिसमें औद्योगिक, कृषि व अन्य तरह की जमीन है। उसका पूरा ब्यौरा उस तहसील में नोटिस बोर्ड पर चस्पा कराया जाए, जिससे रजिस्ट्री कराने से पहले लोग खुद ही अपनी जमीन की सही स्थिति का पता कर सके।
-
अब मेन्युअल नहीं होगी एक भी रजिस्ट्री, एनओसी जरूरी
डीसी श्यामलाल पूनिया ने साफ कर दिया है कि अब सभी रजिस्ट्री ऑनलाइन होगी और मेन्युअल रजिस्ट्री एक भी नहीं की जाएगी। जिससे किसी तरह के आरोप नहीं लगाए जा सकेंगे और जिसके कागजात पूरे होंगे, उसकी ऑनलाइन रजिस्ट्री हो सकेगी। इसके अलावा यह भी साफ कर दिया गया कि नगर निगम व डीटीपी की एनओसी के बिना भी रजिस्ट्री नहीं होगी। इसके लिए तहसील में दोनों विभागों के पटवारी बैठाए जाएंगे। यह माना जा रहा है कि रक्षाबंधन के बाद रजिस्ट्री होनी शुरू हो जाएगी।
--
अवैध रूप से काटी गई सभी कॉलोनियों का डीटीपी को ब्यौरा एकत्र करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे उनपर कार्रवाई हो सके। औद्योगिक क्षेत्र में प्लॉट काटना ही गलत है और वहां रजिस्ट्री किसी भी हालत में नहीं हो सकती है। इन सभी जगहों का ब्यौरा एकत्र किया जा रहा है। इसके अलावा यह साफ कर दिया गया है कि सभी रजिस्ट्री ऑनलाइन होगी और किसी भी रजिस्ट्री को एनओसी के बिना नहीं किया जाएगा। -श्यामलाल पूनिया, डीसी