साल्हावास। गांव मातनहेल में सैनिक स्कूल खोलने की मांग को लेकर सोमवार को ग्रामीण जिला परिषद चेयरमैन कप्तान बिरधाना के नेतृत्व में डीसी स्वप्निल रवींद्र पाटिल से मुलाकात की। डीसी ने कहा कि जल्द ही सैनिक स्कूल का निर्माण शुरू हो जाएगा और कक्षाओं का संचालन भी इसी वर्ष करवाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नई बिल्डिंग की तलाश जारी है। एक-दो दिन के अंदर तलाश कर ली जाएगी। उन्होंने कहा कि सैनिक स्कूल के लिए कमेटी का गठन हो चुका है, जिसमें जिला उपायुक्त कमेटी के चेयरमैन होंगे, जिला शिक्षा अधिकारी व जिला सैनिक बोर्ड सचिव सदस्य रहेंगे।
इसके अलावा अन्य सदस्य भी शामिल बताएं जा रहे हैं। इस दौरान भाजपा नेता मनीष बंसल, भूप शास्त्री, जयदेव प्रधान, गुरदीप फौजी, जगदीश पहलवान मौजूद रहे।
हाल ही में जिला सैनिक बोर्ड की टीम ने गांव मातनहेल का दौरा कर संभावित स्थानों और बुनियादी ढांचे का बारीकी से निरीक्षण किया था। सैनिक बोर्ड सचिव कर्नल राजीव कुंडू के नेतृत्व में टीम ने गांव के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परिसर का दौरा किया था। इस बिल्डिंग में खाली कमरों में अस्थायी रूप से कक्षाएं लगाने उद्देश्य यह था कि जब तक सैनिक स्कूल की स्थायी बिल्डिंग का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो जाता।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मातनहेल हरियाणा बोर्ड से मान्यता प्राप्त है जबकि सैनिक स्कूल सीबीएसई स्कूल से मान्यता प्राप्त होगा। इसके लिए सीबीएसई बोर्ड की तरफ से जारी निर्देशों में कहा कि स्कूल के अंदर स्कूल नहीं चलाया जा सकता, इसलिए इस प्रस्ताव को खारिज किया गया और अब नई बिल्डिंग की तलाश शुरू कर दी गई है।
सैनिक स्कूल 61 एकड़ में बनाया जाएगा। इसके लिए पंचायत प्रस्ताव की पारित कर चुकी है। यह स्कूल पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप मोड पर चलेगा। इसके लिए बीते दिनों मुहर लग चुकी है। ग्रामीणों को विश्वास है कि जल्द ही मातनहेल में सैनिक स्कूल का सपना साकार होगा, जिससे क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ-साथ सेना में जाने के लिए उचित मार्गदर्शन भी मिल सकेगा।