सोनीपत के गोहाना की नई अनाज मंडी में गेट पास कटवाते किसान। संवाद
गोहाना। जींद रोड स्थित नई अनाज मंडी में सरसों और गेहूं की खरीद शुरू हो चुकी है, लेकिन मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर फसल का ब्योरा गलत दर्ज होने से किसानों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है। अनाज मंडी में पहुंचे किसान अपनी गेहूं व सरसों की फसल नहीं बेच पा रहे हैं। मंडी में रोजाना इस तरह के दो से तीन मामले सामने आ रहे हैं। किसान इसकी शिकायत मार्केट कमेटी सचिव से कर रहे हैं।
गोहाना में मेरा फसल, मेरा ब्योरा पोर्टल पर एक लाख से अधिक किसानों ने अपनी फसल का पंजीकरण करवाया हुआ है। इनमें से लगभग एक हजार किसानों का डाटा मिसमैच है। डाटा मिसमैच होने के कारण फसल पूरी तरह से पोर्टल पर नहीं दिख रही है। जब किसान फसल लेकर मंडी पहुंचते हैं तो उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं फसल का पंजीकरण पोर्टल पर दिखाई नहीं देने से किसानों के गेट पास नहीं कट रहे हैं। इसके चलते उनको सरसों व गेहूं की फसल को प्राइवेट बेचना पड़ रहा है। किसानों का कहना कि उन्होंने अपनी सरसों का ब्योरा पोर्टल पर पंजीकृत करवाया था। उसकी कॉपी लेकर वह सरसों बेचने के लिए मंडी में पहुंचे तो एजेंसी ने टोकन काटकर गेट पास कटवाने के लिए भेज दिया। जब किसान मार्केट कमेटी कर्मचारी से मंडी गेट पर पास कटवाने गए तो वह नहीं कट सका, जबकि पोर्टल पर फसल पंजीकृत दिखाई दे रही है।
वर्जन
डाटा मिसमैच की शिकायत उनके पास भी आ रही है। इन शिकायतों का समाधान मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर मुख्यालय से ही होगा। पोर्टल पर डाटा अपडेट करने में कर्मचारियों से ही गलती हो रही है। यही वजह है कि डाटा मिसमैच की शिकायतें आ रही हैं। किसानों की समस्या का समाधान करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
जितेंद्र कुमार, सचिव, मार्केट कमेटी, गोहाना