शहर में कामी रोड स्थित श्री बाबा धाम शक्ति पीठ की ओर से वीरवार दोपहर बाद भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा निकाली गई। रथ यात्रा में शहर के विभिन्न क्षेत्रों ने श्रद्धालु शामिल हुए। इस दौरान सीएम के मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बाबाधाम के संस्थापक अध्यक्ष राकेश कुच्छल व अन्य श्रद्धालुओं संग भगवान जगन्नाथ का रथ भी खींचा। शहर में रथ यात्रा के आगे राजीव जैन ने झाडू लगाकर सफाई भी की। श्रद्धालु भगवन्नाम कीर्तन में झूम उठे।
सीएम के मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने कहा कि भगवान जगन्नाथ सभी कष्टों को हरने वाले हैं। भगवान जगन्नाथ, बलभद्र व शुभद्रा जी की इस रथ यात्रा से हमें जीवन में आगे बढने की प्रेरणा मिलती है और जीवन जीने का संदेश देती है। इसलिए हमें रथ यात्रा में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ के जीवन आदर्शों पर आगे बढना होगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों में लोगों को बढ-चढकर भाग लेना चाहिए इससे आत्मिक संतुष्टि मिलती है और बुराईयों से छुटकारा मिलता है। भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा श्री बाबाधाम शक्ति पीठ कामी रोड से शुरू होकर खारी कुंआ, गंज बाजार, दयाल चौक, गीताभवन चौक, बस स्टैंड, मुरथल चौक से होते हुए वापस बाबा धाम पर संपन्न हुर्ह। इसके उपरांत भगवान जगन्नाथ की आरती की गई। अंत में भंडारा भी लगाया गया। इस दौरान राकेश कुच्छल, प्रवीण कुच्छल, राजेश कुच्छल, दीपक कुच्छल, रतन जैन, निर्मल जैन, विजय गौतम, महेन्द्र मंगला, राजकुमार गोयल व सुनील कुच्छल मौजूद रहे।