गांव रभड़ा में ट्राली हटाने पर हुए विवाद को सुलझाने को लेकर रविवार को हुई पंचायत में दो गुटों में जमकर लाठी-दरांती चली। जिससे दोनों पक्षों के आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों में दो माह की गर्भवती महिला भी है। प्राथमिक उपचार के बाद तीन लोगों को भक्त फूल सिंह महिला खानपुर रेफर कर दिया गया।
गत दिवस गांव रभड़ा निवासी प्रदीप, अपनी पत्नी रीना व भाई मनीष के साथ गेहूं की ट्राली खाली करके वापस मोडने लगा तो पीछे खड़े सत्यवान के कल्टीवेटर से जा भिड़ा। इस को लेकर सत्यवान और प्रदीप के बीच मारपीट शुरु हो गई। इसी दौरान सत्यवान का भाई दलबीर व काला भी पहुंच गए। बाद में कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग कर दिया। रविवार को झगड़े के विवाद को सुलझाने के लिए पंचायत बुलाई गई तथा दोनों पक्षों को बुलाया। इस बीच दोनों गुट तैश में आ गए व एक- दूसरे पर लाठी और दरांती से हमला बोल दिया।