हरियाणा के सोनीपत के गोहाना शहर में अपने दोस्तों की लाइसेंसी पिस्तौल हाथ में लेकर फोटो खिंचवाने के चलते पंचकूला के युवक पर सिटी थाना गोहाना में मुकदमा दर्ज किया है। पंचकूला के सामाजिक कार्यकर्ता ने पंचकूला में शिकायत दी थी। जांच कराई गई तो पता लगा कि फोटो गोहाना क्षेत्र में खींचे गए थे। जिस पर पुलिस ने मूलरूप से पानीपत फिलहाल पंचकूला निवासी कृष्ण और जींद के भंभेवा निवासी हरिओम व अजय के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पंचकूला के सामाजिक कार्यकर्ता मदन लाल ने पंचकूला में शिकायत दी थी कि उन्हें एक वीडियो मिला था। जिसमें एक युवक हाथों में हथियार लिए हुए है। यह वीडियो उन्हें सोशल मीडिया पर मिली था। हथियार आधुनिक होने के चलते किसी आपराधिक वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका है।
जिस पर उन्होंने अपने स्तर पर पता लगाया कि तो जानकारी मिली कि हथियार के साथ फोटो अपलोड करने वाला मनसा देवी क्षेत्र की झुग्गियों का रहने वाला कृष्ण उर्फ काला शिकारी है। सामाजिक कार्यकर्ता ने आरोप लगाया कि उन्हें पता लगा कि वह लालच देकर वारदात कराता है। वह खुद को बड़े नेताओं का परिचित बताता है।
वह बड़े नेताओं के साथ फोटो खिंचवाकर उन्हें सोशल मीडिया पर अपलोड करता है। जब उन्होंने शिकायत दी तो उन्हें धमकी दी गई। जिसकी जांच की गई तो पता लगा कि कृष्ण ने पिस्तौल के साथ दो फोटो गोहाना क्षेत्र में खिंचवाए थे। जिसमें एक फोटो जींद के भंभेवा निवासी अजय व हरिओम की लाइसेंसी पिस्तौल लेकर खिंचवाया था।
सप्ताह पहले सदर थाना में दर्ज हुआ था मुकदमा
सप्ताह भर पहले सदर थाना क्षेत्र के गांव में भी इसी तरह फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड करने का मामला सामने आया था। जिसमें बाउंसर के भाई ने फोटो अपलोड किए थे। जिसमें पुलिस ने बाउंसर, उसके दोस्त व भाई पर मुकदमा दर्ज किया था।
पंचकूला में दर्ज शिकायत की जांच करने पर लगा कि गोहाना क्षेत्र में आरोपी ने साथियों की पिस्तौल लेकर फोटो खिंचवाए थे। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में जल्द ठोस कार्रवाई की जाएगी। किसी अन्य के हथियार हाथ में लेकर फोटो खिंचवा उसे सोशल मीडिया पर डालना कानूनी अपराध है। ऐसे में हथियार लेकर फोटो डालने वाले के साथ ही हथियार देने वाला भी आरोपी होता है। किसी को अपना हथियार नहीं देने चाहिए।
-इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार, थाना प्रभारी, सिटी गोहाना