गांव झरोठी निवासी एक दुकानदार को एक व्यक्ति को उधार में सामान देने से मना करना महंगा पड़ गया। उधार लेने आए व्यक्ति ने दुकानदार को दुकान से बाहर निकालकर न केवल पीटा, बल्कि उसकी कनपटी पर पिस्तौल का बट मारकर फायर भी किया।
दुकानदार के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़ित दुकानदार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव झरोठी निवासी चंद्रहास ने बताया कि उसने गांव में किरयाणा की दुकान की हुई है। सोमवार को उसकी दुकान पर गांव का ही बिजेंद्र आया और उधार में सामान मांगने लगा, लेकिन उसने बिजेंद्र को उधार सामान देने से मना कर दिया। इस पर बिजेंद्र ने उसे दुकान से बाहर खींच लिया और उसकी पीटाई शुरू कर दी।
वह कुछ कर पाता इससे पहले ही उसने अपनी जेब से पिस्तौल निकालकर उसका बट उसकी कनपटी पर दे मारा और फायर भी किया। आवाज सुनकर उसके पिता मौके पर आ गए और उसे बचाने की कोशिश की। दोनों के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़ित दुकानदार ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। जिस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।